एशियन महिला हॉकी चैंपियनशिप के “हैंगओवर” से खेल निदेशालय का अब तक नहीं छूटा साथ, जिस प्रशिक्षक का मानदेय 25 हजार रुपए प्रतिमाह उसके लिए आवंटित किया 62,800

खेल निदेशालय के "गुणिजनों" ने बगैर तीरंदाजी विशेषज्ञ के ही 11 अभ्यर्थियों का लिया इंटरव्यू, कबड्डी के विशेषज्ञ भी रहे नदारद
रांची

टीम sportsjharkhand.com 

खेल निदेशालय अब तक एशियन महिला हॉकी चैंपियनशिप के “हैंगओवर” से बाहर नहीं आ पाया है। सोमवार को खेल निदेशालय ने विभिन्न आवासीय प्रशिक्षण केंद्र के 49 प्रशिक्षकों और डे बोर्डिंग सेंटर के 102 प्रशिक्षकों के संविदा भत्ता/मानदेय के भुगतान हेतु 13 जिलों को राशि आवंटित की। इस सूची में फुटबॉल प्रशिक्षक रीता मिंज, रिंकी कुजूर, सोनी कुमारी, संजय सुंडी व बलराम महतो, एथलेटिक्स प्रशिक्षक अनुपा रूंगटा व तीरंदाजी प्रशिक्षकों शिशिर महतो का नाम एक पैसे का भी आवंटन नहीं हुआ। निदेशालय के काबिल अधिकारियों को जो काम अप्रैल के शुरुआत में निपटा लेना चाहिए था उसे जून में निपटाया जा रहा है और वो भी गलत तौर तरीके से। इससे प्रशिक्षकों की संविदा राशि/मानदेय मिलने में और विलंब होने की संभावना बढ़ गई है। निदेशालय द्वारा किए गए दोयम दर्जे के व्यवहार से प्रशिक्षकों में गहरी नाराजगी है।

25 हजार मानदेय वाले कोच के लिए 62,800 का आवंटन

धनबाद में फुटबॉल प्रशिक्षक संजय पारते की नियुक्ति खेलो इंडिया सेंटर के लिए 25,000 रुपए प्रतिमाह की दर पर हुई लेकिन उनके नाम जो आवंटन राशि भेजी गई है वो 62,800 रुपए है। किसी एक प्रशिक्षक के प्रति इतनी दरियादिली खेल निदेशालय क्यों दिखा रहा है ? ये समझ से परे है।

 

जिन प्रशिक्षकों ने अभी ज्वाइनिंग नहीं की, उनके लिए भी राशि आवंटित

तीरंदाजी प्रशिक्षक चंदन कुमार सिंह ने अभी तक योगदान ही नहीं दिया है लेकिन उनके लिए भी संविदा की राशि आवंटित कर दी गई है। इसके अलावा भी कई प्रशिक्षक अपने नियत जगह पर नहीं हैं, इसके बावजूद भी संविदा/मानदेय की राशि आवंटित की जा चुकी है।

 

क्या कहता है निदेशालय

 

“कुछ गलतियां व विसंगतियां सामने आई हैं, आज (मंगलवार) ही उन गलतियों व विसंगतियों को दूर करते हुए कॉरीजेंडम निकला जाएगा”

विकास पाठक, ASO