हॉकी झारखंड की दस कमिटियों की शोभा बढ़ा रहे “शशिकांत प्रसाद” को खेल निदेशालय ने दिया इंटरनेट ब्रॉडबैंड सेवा के लिए जरूरी हार्डवेयर व सॉफ्टवेयर का ठेका

| रांची |
झारखंड एशियन महिला चैंपियंस ट्रॉफी 2023 आयोजन में प्रशासनिक व वित्तीय अनियमितता – भाग 8
हॉकी और कुश्ती के लिए खेल निदेशक सुशांत गौरव की दरियादिली से सभी वाकिफ हैं। कुछ खेल प्रशासक तो खेल निदेशक को हॉकी/कुश्ती निदेशक की संज्ञा तक दे चुके हैं। एशियन महिला हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान भी सुशांत गौरव ने ऐसी ही दरियादिली दिखाते हुए 23.13 लाख में काम करने को तैयार झारखंड हॉकी के “एक वेंडर” को 26.82 लाख रुपए का वर्क ऑर्डर थमा दिया। प्यार अंधा होता है सो हॉकी झारखंड के पूर्व वरीय उपाध्यक्ष सह वर्तमान में 10 कमिटियों की शोभा बढ़ा रहे शशिकांत प्रसाद की मेसर्स रौनक कुमार पर खेल निदेशक ने प्यार लूटा दिया। वर्क ऑर्डर इंटरनेट ब्रॉडबैंड के लिए जरूरी हार्डवेयर व सॉफ्टवेयर के काम के लिए दिया गया। निदेशालय की ओर से आहूत बैठक में मेसर्स रौनक कुमार की ओर से शशिकांत प्रसाद ही शामिल रहे और निदेशालय की ओर से जारी वर्क ऑर्डर में मोबाइल नंबर भी शशिकांत प्रसाद का ही दर्ज किया गया। पता हो कि BSNL से स्वैच्छिक सेवानिवृत शशिकांत प्रसाद रौनक कुमार के पिता हैं।
23.13 लाख में काम करने को तैयार था वेंडर फिर निदेशक ने 26.82 लाख का वर्क ऑर्डर क्यों थमाया
खेल निदेशालय ने भले ही 5 अक्टूबर को तय किया कि मैच के लाइव प्रसारण के लिए उसे क्या क्या सॉफ्टवेयर और हार्डवेयर की जरूरत है लेकिन शशिकांत प्रसाद को ये पहले से ही पता था। इसीलिए शशिकांत प्रसाद ने रिफ्रेंस नंबर 17 के जरिए 27 सितंबर 2023 को खेल निदेशक को 19,60,350 (GST जोड़ने पर 23,13,213) रुपए का कोटेशन अपने हस्ताक्षर के साथ भेजा। फिर 27 सितंबर को ही रिफ्रेंस नंबर 17 के ही जरिए 23,60,413 रुपए का कोटेशन भेजा। (देखें तस्वीर)



इसके बाद निदेशालय ने 9 अक्टूबर को BSNL से एंपैनल्ड सभी वेंडर को रेट के साथ बुलाया। यहां शशिकांत प्रसाद रौनक कुमार के बैनर तले 26,86,860 रुपए का कोटेशन लेकर पहुंच गए। एक दूसरा वेंडर 27,47,748 रुपए का कोटेशन लेकर पहुंचा। क्रय/निविदा समिति ने शशिकांत प्रसाद (रौनक कुमार) को L 1 बताते हुए काम देने की अनुशंसा की।

क्रय/निविदा समिति के अध्यक्ष सुशांत गौरव का ये दायित्व था कि वे फाइल में पहले से दर्ज रौनक कुमार के कोटेशन और उसके रेट की जानकारी समिति के अन्य सदस्यों को देते लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। यही नहीं दो दिन बाद जब वर्क ऑर्डर जारी हुआ तब भी वेंडर से किसी तरह का निगोशिएशन नहीं हुआ। ऐसे में जो वेंडर 23.12 लाख रुपए में काम करने को तैयार था उसे 26.82 लाख रुपए में काम करने का वर्क ऑर्डर दे दिया गया।
निदेशक सुशांत गौरव की अकर्मण्यता से राज्य सरकार के राजस्व को लगभग 3.70 लाख रुपए की चपत लग गई।
——————————————————–
झारखंड एशियन महिला चैंपियंस ट्रॉफी 2023 आयोजन में प्रशासनिक व वित्तीय अनियमितता पर जारी रहेगी हमारी विशेष पेशकश
बने रहिए sportsjharkhand.com के साथ