खेल प्रशिक्षक नियुक्ति में युवाओं की अनदेखी से नाराज़ प्रशिक्षकों ने मुख्यमंत्री से लगाई गुहार, न्यूनतम उम्र सीमा 30 से घटाकर 22 वर्ष करने की मांग रखी

खेल प्रशिक्षक नियुक्ति में युवाओं की अनदेखी से नाराज़ प्रशिक्षकों ने मुख्यमंत्री से लगाई गुहार, न्यूनतम उम्र सीमा 30 से घटाकर 22 वर्ष करने की मांग रखी
रांची

टीम sportsjharkhand.com

खेल कूद एवम युवा कार्य विभाग द्वारा संचालित आवासीय प्रशिक्षण केंद्रों के लिए संविदा के आधार पर 24 प्रशिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया से युवाओं को बाहर रखने से नाराज़ युवा प्रशिक्षकों ने मुख्यमंत्री से गुहार लगाई है। मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव और खेल सचिव को पत्र लिखकर राज्य व देश का नाम रौशन करनेवाले 8 पूर्व खिलाड़ियों ने आग्रह किया है कि खेल प्रशिक्षक नियुक्ति में न्यूनतम उम्र सीमा 30 से घटाकर 22 वर्ष की जाए, जिससे की युवाओं को भी मौका मिल सके। पत्र में बिहार, राजस्थान व भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) में खेल नियुक्ति के लिए तय न्यूनतम उम्र सीमा का भी जिक्र किया गया है। पता हो कि जो विज्ञापन निकाला गया है उसके अनुसार न्यूनतम उम्र सीमा 30 वर्ष रखी गई है जिससे दर्जनों युवाओं की नियुक्ति का रास्ता बंद कर दिया गया है। पत्र लिखनेवालों में संजय कच्छप, कुंदन कुजूर, पल्लवी कच्छप, संदीप खलखो, दीपक कुमार, राहुल कुमार, परणिता तिर्की व हेमंत कुमार शामिल हैं।

प्रभावशाली लोगों ने कुछ खास प्रशिक्षकों की नियुक्ति के लिए न्यूनतम उम्र सीमा बढ़ाई

नियुक्ति प्रक्रिया में कुछ प्रभावशाली लोग अपनी पसंद के प्रशिक्षकों की नियुक्ति में युवाओं को रोड़ा की तरह देख रहे थे। इसीलिए नियुक्ति विज्ञापन में जानबूझकर युवाओं को बार किए जाने के लिए न्यूनतम उम्र सीमा को 30 वर्ष रखा गया।

मामला कोर्ट में ले जाने की तैयारी में कई युवा

इस नियुक्ति प्रक्रिया में युवाओं को जानबुझकर बाहर रखे जाने के खिलाफ कई युवा मामला कोर्ट में ले जाने की तैयारी में हैं। संभावना है कि अगले सप्ताह इस मुद्दे पर न्यायालय का दरवाजा खटखटाया जाए।