IAS सुशांत गौरव और उनकी टीम को 34 नंबर वाले को “योग्य” बनाना था इसलिए 37 नंबर वाले को “अयोग्य” बता डाला

IAS सुशांत गौरव और उनकी टीम को 34 नंबर वाले को "योग्य" बनाना था इसलिए 37 नंबर वाले को "अयोग्य" बता डाला
रांची sportsjharkhand.com

EXCLUSIVE

खेल प्रशिक्षक घोटाला भाग – 2

पहले भाग में तीरंदाजी के प्रशिक्षकों की नियुक्ति में बरती गई अनियमितता की खबरों के बाद अब बारी है हॉकी में बरती गई प्रशासनिक अनियमितता की। हॉकी के दो पदों के लिए विज्ञापन निकाला गया था और अंतिम तौर पर स्क्रूटनी के बाद 9 योग्य उम्मीदवारों को साक्षात्कार सह दक्षता परीक्षा के लिए 9 मार्च 2024 को आमंत्रित किया गया। उन उम्मीदवारों को शैक्षणिक योग्यता तथा खिलाड़ी व प्रशिक्षक के रूप में प्राप्त विभिन्न उपलब्धियों के आधार पर निम्नांकित अंक आवंटित किए गए थे

जी सुधीर :   43

मो जियाउर रहमान : 39

आदम होरो : 37

तारिणी कुमारी : 28

आशुतोष कुमार सिंह : 27

संदीप खलखो : 27 

चौधरी राजेश सिंह : 24

नवीन कुमार शर्मा : 24

हार्दिक भोंसले : 17 (देखें तस्वीर)

हॉकी के उम्मीदवारों को आवंटित अंक

इसके बाद साक्षात्कार सह दक्षता परीक्षा के 15 अंकों के लिए 9 मार्च 2024 को साक्षात्कार लिया गया। हॉकी के साक्षात्कार में मात्र छह उम्मीदवार पहुंचे। जी सुधीर, आदम होरो, तारिणी कुमारी, आशुतोष कुमार सिंह, संदीप खलखो और नवीन कुमार शर्मा (देखें तस्वीर)

9 मार्च 2024 की उपस्थिति पंजी

साक्षात्कार सह दक्षता परीक्षा में शामिल 6 में से मात्र 2 उम्मीदवारों क्रमशः जी सुधीर और तारिणी कुमारी को ही नंबर दिए गए। जी सुधीर को 6.5 और तारिणी कुमारी को 6 नंबर आवंटित किए गए। अन्य 4 उम्मीदवारों के नाम के आगे Not Found Appropriate लिखकर अयोग्य कर दिया गया। हालांकि इन दस्तावेजों पर साक्षात्कार सह दक्षता कमिटी के 9 में से मात्र एक सदस्य IAS सुशांत गौरव के हस्ताक्षर हैं (देखें ऊपर की पहली तस्वीर)

 

अगर साक्षात्कार सह दक्षता समिति ने अन्य 4 उम्मीदवारों को शून्य अंक भी आवंटित किए थे तो मेरिट लिस्ट में दूसरा नंबर 37 अंक (37+0) के साथ आदम होरो का आता लेकिन पता नहीं किस दवाब Not Found Appropriate लिखकर हकमारी की गई। वहीं तारिणी कुमारी 34 अंकों (28+6) के साथ मेरिट लिस्ट पर तीसरे पायदान पर होती लेकिन आदम होरो को “अयोग्य” बता तारिणी कुमारी को “योग्य” घोषित कर दिया गया।

 

न्यूनतम उम्र सीमा 25 वर्ष थी लेकिन 29 वर्ष के नदीम अहमद को अंडर एज बता अयोग्य किया

पहली स्क्रूटनी के दौरान नदीम अहमद नमक उम्मीदवार को 29 साल 9 माह 20 दिन का बता अंडर एज बताया गया। उस वक्त न्यूनतम उम्र सीमा 30 वर्ष की थी। बाद में उम्र सीमा घटाकर 25 वर्ष की कर दी गई लेकिन आश्चर्य की बात ये है कि नदीम अहमद को दूसरी बार भी अंडर एज बताकर बाहर कर दिया गया। अब ऐसा क्यों हुआ ? इसका जवाब नियुक्ति की उपलब्ध कराई गई संचिका में तो नहीं दिख रही। (देखें दोनों दस्तावेज)

 

पहली और दूसरी स्क्रूटनी की फाइंडिंग