FIFA U17 महिला खिलाड़ियों का ये कैसा सम्मान ! अंधेरे कमरे में दारू की दुर्गंध और मच्छरों से परेशान खिलाड़ियों को देर रात 12 बजे आनन फानन में स्टेट गेस्ट हाउस किया गया शिफ्ट

फीफा वर्ल्ड कप अंडर-17 फुटबॉल खेल कर लौटी झारखंड की बेटियां, एयरपोर्ट पर हुआ स्वागत
रांची
टीम sportsjharkhand.com 

 

झारखंड में सरकारी अधिकारियों की लालफीताशाही रुकने का नाम ही नहीं ले रही है। अधिकारी मीडिया के कैमरे के सामने कुछ और करते नजर आते हैं और मीडिया के हटते ही उनका व्यवहार पूरी तरह बदल जाता है। इस दोयम व्यवहार का ताजा उदाहरण U 17 FIFA वर्ल्ड कप खेलकर लौटी झारखंड की 6 महिला खिलाड़ियों के साथ गुजरा है। सरकारी अधिकारियों के इशारे पर रचे गए इस “नाटक” का “मंचन” कुछ इस कदर होगा, ये खेल विभाग व खेल निदेशालय के अधिकारियों ने सपने में भी नहीं सोचा होगा। असंवेदनशीलता के साथ अधिकारियों की लालफीताशाही से जुड़ी इस खबर को हम नाटक के रूप में ही लिख रहे हैं

 

दृश्य 1

स्थान : बिरसा मुंडा एयरपोर्ट, रांची 

तारीख : 19 अक्टूबर 

समय : लगभग 8.30 बजे रात

 

बुधवार की शाम FIFA U 17 वर्ल्ड कप खेलकर लौटी 6 महिला खिलाड़ी जब रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर पहुंचीं तो खिलाड़ियों के स्वागत के लिए मंत्री, सांसद, अधिकारी व खेल प्रशासक मौजूद रहे। खूब तस्वीरें, वीडियो व सेल्फी लेंस पर उतारी गईं और आभाषी दुनिया सोशल साइट्स पर अपलोड कर दी गईं। मंत्री, सांसद, अधिकारी व खेल प्रशासक अपनी जिम्मेवारियों की इतिश्री कर अपने घर लौट गए और शुरू हो गया अधिकारियों का खेल।

 

दृश्य 2

स्थान : खेलगांव, आवासीय परिसर स्थित SAJHA का फ्लैट नंबर 204

तारीख : 19 अक्टूबर 

समय : रात 9.30 बजे से 11.45 बजे 

 

FIFA U 17 वर्ल्ड कप खेलकर लौटी झारखंड की 6 महिला खिलाड़ियों के रुकने की व्यवस्था झारखंड खेल प्राधिकरण (SAJHA) की ओर से खेल गांव में की गई थी। खिलाड़ी आवासीय परिसर स्थित SAJHA के फ्लैट संख्या 204 पहुंची। फ्लैट के डाइनिंग हॉल में डिनर की व्यवस्था पहले से तैयार थी। डिनर के बाद रात लगभग 10.30 बजे SAJHA के अधिकारी व कर्मचारी निकल गए। लड़कियां बेड रूम में पहुंची तो पता चला कि रूम में न तो ट्यूबलाइट काम कर रही है ना ही AC चल रहा है। बाथरूम से बास आ रही है और मच्छरों ने अलग राग छेड़ रखा है। गुड नाईट या ऑल आउट जैसे बेसिक साधन भी फ्लैट में मौजूद नहीं थे। ड्रॉवर में गुड नाईट को ढूंढा तो वहां दारू की बदबूदार बोतलें पड़ी मिलीं। शिकायत के बाद ट्यूबलाइट तो बदल दी गई लेकिन मच्छरों का संगीत जारी रहा।

 

दृश्य 3

स्थान : रांची उपायुक्त का आवास

तारीख : 19 अक्टूबर 

समय : रात लगभग 11.45 बजे 

 

उपायुक्त रांची के फोन की घंटी बजी और उसके बाद उपायुक्त ने नजारत के अधिकारियों को कॉल कर तुरंत स्टेट गेस्ट हाउस में कमरों का इंतजाम करने और  दो तीन गाड़ियों के साथ खेल गांव स्थित आवासीय परिसर जाने का फरमान सुनाया। गाड़ियां तुरंत नियत स्थान के लिए निकल पड़ीं और खेल गांव पहुंच गईं। फोन किसी उच्चाधिकारी का आया बताया जाता है इसीलिए उपायुक्त महोदय ने कार्रवाई तेजी से की।

 

दृश्य 4

स्थान : मोरहाबादी स्थित स्टेट गेस्ट हाउस

तारीख : 19/20 अक्टूबर 

समय : रात लगभग 12.20 बजे

 

सभी 6 खिलाड़ियों को लेकर गाडियां स्टेट गेस्ट हाउस पहुंची। खिलाड़ियों को रूम में शिफ्ट किया गया और उक्त रूम की गुरुवार को पहले से तय बुकिंग आनन फानन में रद्द कर दी गई।

 

दृश्य 5

स्थान : स्टेट गेस्ट हाउस

तारीख : 20 अक्टूबर 

समय : लगभग 10 बजे सुबह 

खेल विभाग से जुड़े कुछ अधिकारी/कर्मचारी स्टेट गेस्ट हाउस पहुंचते हैं। खिलाड़ियों से मिलकर अपनी और अपने आका की “चमड़ी” बचाने की भूमिका तैयार करते हैं। क्योंकि इस नाटक का

6ठा दृश्य

स्थान : प्रोजेक्ट भवन

तारीख : 20 अक्टूबर 

समय : दोपहर लगभग 1 बजे

मंचित होना तय हुआ है। जब मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन FIFA U 16 वर्ल्ड कप खेल कर लौटी झारखंड की 6 खिलाड़ियों से मिलेंगे।

 

देखना रोचक होगा कि अधिकारियों की लालफीताशाही से उपजी स्थिति पर किस तरह की कार्रवाई के साथ पर्दा गिरता है या नाटक जारी रहता है।