SGFI 2023-24 का भव्य आगाज, अंडर 14 फुटबॉल प्रतिस्पर्धा में पहले दिन खेले गए चार मैच

| रांची
टीम sportsjharkhand.com |
रांची के खेलगांव स्थित भगवान बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम में 67वीं राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता (SGFI) 2023-24 का भव्य आगाज हुआ। पहले दिन फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन हुआ जहां देश के विभिन्न राज्यों की टीमें शामिल हुई।
पहले दिन अंडर 14 बालक/ बालिका फुटबॉल प्रतिस्पर्धा का आयोजन हुआ।
परिणाम इस प्रकार है
आज (बुधवार) हुए खेल प्रतियोगिता के अंतर्गत अंडर 14 बालक-बालिका वर्ग फुटबॉल स्पर्धा में कुल चार मैच खेले गए। पहला मैच तेलंगाना बनाम विद्याभारती के बीच संपन्न हुआ, जिसमें विद्याभारती की टीम ने तेलंगाना को 1-0 से पराजित किया। दूसरा मैच छत्तीसगढ़ और तमिलनाडु की बालिका टीम के बीच हुआ। इसमें तमिलनाडु की बालिका टीम ने छत्तीसगढ़ की टीम को 5-0 से पराजित किया। तीसरा मैच महाराष्ट्र बनाम विद्याभारती के बीच हुआ, इस मैच में महाराष्ट्र की टीम ने विद्याभारती की टीम को 8-0 के बड़े अंतर से पराजित किया। आज केरल और छत्तीसगढ़ के बीच हुए मुक़ाबले में केरल ने दो गोल कर जीत अपने नाम की, जबकि एक गोल कर छत्तीसगढ़ रनरअप रहा। आज का अंतिम मैच महाराष्ट्र और आंध्रा प्रदेश के बीच हुआ। इस मैच में महाराष्ट्र की टीम ने आंध्रा प्रदेश को 3-0 से पराजित किया।
इन स्थलों में हुआ प्रतियोगिता का आयोजन
प्रतियोगिता का आयोजन रांची के खेलगांव स्थित बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम के अलावा मोरहाबादी मंदिर मैदान और फुटबॉल स्टेडियम में हुआ।
आयोजन का उद्घाटन झारखंड सरकार में खेलकूद एवं युवा कार्य मंत्री हफीजुल हसन ने किया। पहले दिन इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में खेल विभाग के निदेशक सुशांत गौरव, माध्यमिक शिक्षा के निदेशक सुनील कुमार, राज्य शिक्षा परियोजना परिषद की निदेशक किरण कुमारी पासी, राज्य शिक्षा परियोजना के प्रशासी पदाधिकारी जयंत मिश्रा, झारखंड फुटबॉल संघ के अध्यक्ष गुलाम रब्बानी, राज्य शिक्षा परियोजना परिषद के राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन सोरेंग, राज्य ओलिंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष शिवेंदु दुबे, SGFI की क्षेत्र समन्वयक कनक चक्रधर शामिल हुए।