25 नवंबर से 13 दिसंबर के बीच रांची में आयोजित होगी एथलेटिक्स, साइक्लिंग, हॉकी और टेनिस की SGFI राष्ट्रीय प्रतियोगिता

| रांची |
आसन्न विधानसभा चुनाव के दौरान स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) की एथलेटिक्स, साइक्लिंग, हॉकी और टेनिस की राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं का आयोजन रांची में कराना एक चुनौती होगी। SGFI ने बुधवार को सभी राज्यों को लिखे पत्र में तिथियों की घोषणा करते हुए संबंधित राज्यों से क्रॉस कंफर्मेशन देने का निर्देश दिया है। झारखंड के संदर्भ में दिक्कत ये आ रही है कि नवंबर व दिसंबर में झारखंड विधानसभा के चुनाव भी संभावित हैं। ऐसे में SGFI की राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं का आयोजन के दौरान कई परेशानियां आ सकती हैं।
इन तिथियों पर झारखंड में होना है आयोजन
एथलेटिक्स U 19 बालक/बालिका : 25-28 नवंबर
एथलेटिक्स U 14 बालक/बालिका : 2-5 दिसंबर
साइक्लिंग (ट्रैक) U 14/17/19 बालक/बालिका : 9-10 दिसंबर
टेनिस U 19 बालक/बालिका : 9-11 दिसंबर
हॉकी U 19 बालक/बालिका : 9-13 दिसंबर

खिलाड़ियों को ठहराने में आ सकती है समस्या
प्रतियोगिता आयोजन के दौरान खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के स्टेडियम स्थित डॉरमेट्री व मोरहाबादी स्थित फुटबॉल और हॉकी की डॉरमेट्री में की जाती है। चुनाव के दौरान इनमें सुरक्षाबल और EVM का स्टॉक रखा जाता है। ऐसे में प्रतियोगिता के आयोजकों के समक्ष सबसे बड़ी चुनौती खिलाड़ियों को ठहराने की होगी। चुनाव के दौरान देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों की सुरक्षा भी एक चुनौती होगी।