खेल प्रशिक्षण केंद्रों में खराब भोजन मामला – हंसुआ के बियाह में खुरपी के गीत गा रहे खेल निदेशक सह साझा के कार्यकारी निदेशक

| रांची |
झारखंड का खेल निदेशालय सह झारखंड खेल प्राधिकरण (SAJHA) हंसुआ के बियाह में खुरपी के गीत गाने की लाइलाज बीमारी की जद में आ गया है। पिछले माह सिमडेगा के सेंटर फॉर एक्सीलेंस हॉकी सेंटर में खराब खाने की शिकायत मीडिया की सुर्खियां बनी। इसी दौरान खेल निदेशक सह कार्यकारी निदेशक SAJHA का तबादला हो गया। नए निदेशक आए तो उन्होंने समीक्षा बैठक के बाद खेल निदेशालय द्वारा संचालित आवासीय प्रशिक्षण केंद्रों के लिए निर्देश तो जारी कर दिए लेकिन SAJHA के सेंटर फॉर एक्सीलेंस सेंटरों के लिए निर्देश जारी करना भूल गए। निदेशक महोदय ने हॉस्टल के खाने व भुगतान के संदर्भ में जो निर्देश जारी किया है, उसके लिए पहले से ही एक व्हाट्सएप ग्रुप बना है, जिसपर रोजाना सभी सेंटरों में परोसे जा रहे भोजन की जिओ टैगिंग तस्वीर आती है। मतलब साफ है निदेशालय और SAJHA उसकी मॉनिटरिंग में अपनी अकर्मण्यता को स्वीकारते हुए अब जिम्मेवारियां खिलाड़ियों और जिला खेल पदाधिकारियों (DSO) को सौंप दी है। देखिए निदेशालय द्वारा जारी पत्र

पिछले दो साल से निदेशालय सह SAJHA के हंसुआ के बियाह में खुरपी के गीत का दुष्परिणाम झेल रहा नेशनल मेडलिस्ट
ऐसा पहली बार नहीं हुआ है जब खेल निदेशालय और SAJHA हंसुआ के बियाह में खुरपी के गीत गा रहा है। गुजरात राष्ट्रीय खेल में तैराकी में रजत पदक जीतने वाले राणा प्रताप को आज भी कैश अवॉर्ड की राशि का इंतजार है। खेल निदेशालय के निर्देश पर SAJHA ने मेडलिस्ट जमशेदपुर निवासी राणा प्रताप की जगह किसी दूसरे रांची के रहनेवाले राणा प्रताप के अकाउंट में कैश अवॉर्ड के 3 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए। कैश अवॉर्ड की बात जोहते जोहते राणा प्रताप ने गोवा राष्ट्रीय खेल में भी कांस्य पदक जीता। गोवा राष्ट्रीय खेल का कैश अवॉर्ड तो राणा प्रताप के अकाउंट में पहुंच गया लेकिन दर्जनों पत्राचार और फोन और शारीरिक रूप से सैकड़ों निवेदनों के बावजूद गुजरात राष्ट्रीय खेल का कैश अवॉर्ड अभी तक नहीं मिल पाया है। पता हो कि मेडलिस्ट राणा प्रताप अब भारतीय नौसेना में नौकरी कर रहे हैं और उनके हक की लड़ाई के लिए झारखंड तैराकी संघ लगातार जुटा है लेकिन निदेशालय सह साझा के अधिकारी व कर्मचारी मानते ही नहीं। सबसे बड़ा प्रश्न ये कि रांची वाले राणा प्रताप का अकाउंट डिटेल्स खेल निदेशालय और SAJHA के अधिकारियों व कर्मचारियों को कहां से मिला ?

कैश अवॉर्ड मिला ही नहीं तो गलती के लिए जिम्मेवार अधिकारियों व कर्मचारियों पर कार्रवाई की बात बेमानी
राणा प्रताप, उनके दादा एशियन मेडलिस्ट राम बालक सिंह और झारखंड स्विमिंग संघ के पदाधिकारियों के लाख आग्रह का कोई असर नहीं हुआ। sportsjharkhand.com ने खेल निदेशालय के अधिकारियों की बात दूसरे राणा प्रताप से भी करवा दी लेकिन दो साल में कुछ भी हासिल नहीं हुआ। ऐसे में निदेशालय व SAJHA इस कुकर्म के लिए जिम्मेवार अधिकारियों व कर्मचारियों पर कार्रवाई करेगा, ये सोचना भी व्यर्थ है।