रेलवे यूथ स्पोर्ट्स अकादमी के सचिव चंद्रदेव सिंह का सनसनीखेज खुलासा, सितंबर 2016 में RDCA के कार्यकारी अध्यक्ष एन होदा और सचिव मोहम्मद वसीम ने एनुअल मेंबर बनाने के नाम पर ठगे 15 हजार रुपए

| रांची |
रांची जिला क्रिकेट संघ (RDCA) के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष एन होदा (अब स्वर्गीय) और पूर्व सचिव मोहम्मद वसीम पर एनुअल मेंबर बनाने के नाम पर 15 हजार रुपए ठगने का सनसनीखेज आरोप लगाया गया है। ये आरोप लगाया है रेलवे यूथ स्पोर्ट्स अकादमी के सचिव सह प्रशिक्षक चंद्रदेव सिंह ने। बकौल चंद्रदेव 2013 से उनके कमिटमेंट को देखते हुए 2016 के सितंबर माह में एनुअल मेंबर बनाने के नाम पर आवेदन और 5,000 रुपए का एक चेक मांगा गया था। जब चंद्रदेव आवेदन और 5 हजार का चेक तत्कालीन सचिव को देने पहुंचे तो वहां कार्यकारी अध्यक्ष एन होदा पहले से मौजूद थे। एन होदा ने मोहम्मद वसीम की मौजूदगी में सदस्यता शुल्क के अलावा अलग से 15 हजार रुपए की मांग की। इस अनैतिक मांग पर मोहम्मद वसीम ने भी हामी भरी। इसके बाद RTGS के जरिए एन होदा के अकाउंट में 15 हजार रुपए ट्रांसफर किए गए (देखें तस्वीर)

एन होदा के अकाउंट में 15 हजार रुपए चले जाने के बाद जब चंद्रदेव ने मोहम्मद वसीम से एनुअल मेंबर की सदस्यता के बारे में पूछा तो बताया गया कि आपको सदस्यता दे दी गई है। अगले वर्ष AGM से पहले एनुअल मेंबर की वार्षिक शुल्क के नाम पर 50 रुपए भी लिए गए। चंद्रदेव खुश थे कि वे RDCA के एनुअल मेंबर बन गए लेकिन 31 जनवरी 2021 को AGM के दौरान पता चला कि वे एनुअल मेंबर नहीं है। इसके बाद चंद्रदेव ने मोहम्मद वसीम से एनुअल मेंबरशिप के बारे में कई बार पूछा हर बार यही जवाब मिला कि मेरे समय तो आप एनुअल मेंबर थे। वर्तमान कमिटी ने आपका नाम गायब कर दिया है। गुरुवार को भी मोहम्मद वसीम ने यही दोहराया तब तंग आकर चंद्रदेव ने RDCA और झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) के पदाधिकारियों को पत्र लिखकर उनकी सदस्यता बहाल करने की गुहार लगाई है। RDCA के पदाधिकारियों ने चंद्रदेव को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
“मोहम्मद वसीम दो दिन पहले तक मुझसे झूठ बोलते रहे कि आप एनुअल मेंबर हैं, जबकि मेरा नाम लिस्ट से गायब है। जब भी मैंने प्रयास किया मोहम्मद वसीम वर्तमान सचिव शैलेंद्र भैया से बात कर लें लेकिन उन्होंने हर बार टाला। जब हद हो गई तब मैंने लिखित शिकायत दर्ज कराई है”
चंद्रदेव सिंह, सचिव सह प्रशिक्षक, रेलवे यूथ स्पोर्ट्स अकादमी
News 18 के स्टिंग ऑपरेशन में फंस चुका है मोहम्मद वसीम
ये वही मोहम्मद वसीम हैं जो News 18 चैनल के कैमरे के सामने झारखंड रणजी टीम में जगह दिलाने का रेट बताते हुए बेपर्दा हो चुका हैं। इसी स्टिंग के बाद मोहम्मद वसीम की RDCA के सचिव पद से हटाया गया था। तीन दिनों के प्रयास के बाद मोहम्मद वसीम ने इस मसले पर अपना पक्ष रखा।
“चंद्रदेव ने एक आवेदन और चेक RDCA के नाम मेरे पास जमा कराया था, वो चेक क्लियर हुआ या नहीं, मुझे याद नहीं। क्योंकि मामला आठ साल पुराना है। मेरे सचिव रहते किसी को भी नई सदस्यता नहीं दी गई। 15 हजार रुपए एन होदा सर ने किसलिए लिए, मुझे पता नहीं”
मोहम्मद वसीम, तत्कालीन सचिव, RDCA