30 अगस्त को JSCA की AGM में मिसकंडक्ट के आरोप में पूर्व पिच क्यूरेटर एसबी सिंह को निकाले जाने की तैयारी

| रांची |
30 अगस्त को झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) की वार्षिक आम सभा (AGM) में मिसकंडक्ट के रूप में एक और आजीवन सदस्य को बाहर निकाले जाने की तैयारी है। जानकारी के अनुसार जांच समिति और कमिटी ऑफ मैनेजमेंट (CoM) ने पूर्व पिच क्यूरेटर एसबी सिंह को मिसकंडक्ट का दोषी पाया है। ये मामला AGM के दौरान आम सदस्यों के समक्ष रखा जाएगा और आम सभा की सहमति ली जाएगी। पता हो कि 2025-28 के चुनाव में एसबी सिंह सचिव पद पर सौरभ तिवारी के खिलाफ चुनाव भी लड़ चुके हैं।
जांच समिति और CoM ने मिसकंडक्ट को सही ठहराया
जानकारी के अनुसार मिसकंडक्ट की जांच के लिए एक समिति का गठन किया गया था। समिति ने जांचोपरांत एसबी सिंह को मिसकंडक्ट का दोषी ठहराते हुए अपनी अनुशंसा CoM को भेज दी। CoM ने भी मिसकंडक्ट के आरोप को सही पाते हुए अपनी मुहर लगा दी है। पता हो कि 2025 के एडजॉर्न्ड AGM के दौरान आजीवन सदस्य रणजीत सिंह और उनके भाई संतोष सिंह की आजीवन सदस्यता मिसकंडक्ट के आरोप में समाप्त कर दी गई थी।
चुनाव लड़, सदस्यता गंवा
JSCA में वर्ष 2002 में अमिताभ चौधरी (अब स्वर्गीय) के अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद से एक अलिखित कानून बना हुआ है, चुनाव लड़, सदस्यता गंवा ! किसी को आश्चर्य नहीं हो, सच यही है। पूर्व अध्यक्ष संजय सिंह टाटा, पूर्व डिप्टी CM सुदेश महतो, पूर्व उपाध्यक्ष नंदलाल रूंगटा, प्रवीण सिंह IPS (अब स्वर्गीय), सुनील कुमार सिंह, पूर्व उपाध्यक्ष प्रवीण सिंह पूर्व MLC, अजय मारू पूर्व सांसद और अब इस लिस्ट में एक नाम और शामिल होने जा रहा है, वो है एसबी सिंह का। संजय सिंह व नंदलाल रूंगटा को मानद सदस्यता देकर चुनावी दौड़ से बाहर किया गया जबकि सुदेश महतो को “स्थानीयता” के क्लॉज़ पर किनारे लगाया गया। अन्य सभी को चुनाव लड़ने के बाद या चुनाव की तैयारी के बाद मिसकंडक्ट का आरोप लगा कर JSCA से बाहर का रास्ता दिखाया गया। उपरोक्त लोगों का साथ देने वाले दर्जनों आजीवन सदस्यों को भी मिसकंडक्ट के आरोप में आजीवन सदस्यता छीन ली गई। 24 साल से चुनाव लड़, सदस्यता गंवा का सफर अनवरत जारी है !