प्रशिक्षण के लिए जरूरी संसाधन नहीं मिलने और सीधी नौकरी में पक्षपातपूर्ण रवैये से नाराज़ एथलीट सपना कुमारी ने छोड़ा झारखंड, गोवा राष्ट्रीय खेलों में बिहार का करेंगी प्रतिनिधित्व

प्रशिक्षण के लिए जरूरी संसाधन नहीं मिलने और सीधी नौकरी में पक्षपातपूर्ण रवैये से नाराज़ एथलीट सपना कुमारी ने छोड़ा झारखंड, गोवा राष्ट्रीय खेलों में बिहार का करेंगी प्रतिनिधित्व
रांची

टीम sportsjharkhand.com 

समय पर कैश अवॉर्ड व छात्रवृति नहीं मिलने, प्रशिक्षण के लिए मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराने और खिलाड़ियों की सीधी नियुक्ति में भेदभाव से लंबे समय से नाराज़ चल रही एथलीट सपना कुमारी ने झारखंड छोड़ दिया है। एक सप्ताह पहले उन्होंने झारखंड एथलेटिक संघ (JAA) से NOC लेकर बिहार से जुड़ने का निर्णय लिया है। पिछले एक दशक में 100 मीटर हर्डल दौड़ में दर्जनों अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय पदक जीतनेवाली सपना का नाम गोवा राष्ट्रीय खेलों के लिए 1 अक्टूबर से शुरू हो रहे प्रशिक्षण शिविर के प्रशिक्षुओं में दर्ज था। सपना ने अपने निर्णय के संदर्भ में sportsjharkhand.com को बताया

“बहुत ही दु:खी मन के साथ मुझे झारखंड छोड़ना पड़ रहा है। सरकार और पदाधिकारियों के गैरजिम्मेदाराना व्यवहार के कारण न तो प्रशिक्षण की मूलभूत सुविधाएं मिल पा रही थीं ना ही समय पर कैश अवॉर्ड व छात्रवृति। खिलाड़ियों की सीधी नियुक्ति तो हुई लेकिन कुछ खास खिलाड़ियों को ही प्राथमिकता मिली। मुझ जैसे दर्जनों खिलाड़ियों को नौकरी के योग्य नहीं समझा गया। अभी बिहार सरकार बगैर भेदभाव के खिलाड़ियों का साथ दे रही है, इसलिए मैंने बिहार को चुना है। मेरी उम्र 24 साल हो गई है और मुझे अपना भविष्य सुरक्षित करना है, इसलिए भरे मन से झारखंड छोड़ना पड़ रहा है।”

 

दर्जनों पदक जीत चुकी है सपना

घाटो, रामगढ़ की रहनेवाली सपना कुमारी 2014 में SAI सेंटर रांची में प्रशिक्षु के तौर पर जुड़ीं। यहां कोच विनोद सिंह ने सपना को प्रशिक्षण दिया। इसके बाद उन्होंने 2016 से लेकर 2023 तक कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं में राज्य व देश के लिए पदक जीते। उनमें से प्रमुख उपलब्धियां हैं

2017 में राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स में नए राष्ट्रीय रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण

2018 कोलंबो में SAF एथलेटिक्स खेलों में स्वर्ण

2018 फेडरेशन कप में गोल्ड

2022 राष्ट्रीय एथलेटिक्स में सिल्वर

2023 इंडियन ग्रैंड प्रिक्स में सिल्वर

2023 फेडरेशन कप में ब्रॉन्ज

 

2018 में इंजुरी के बाद सपना ने की शानदार वापसी

सपना कुमारी एक इवेंट के दौरान 2018 में गंभीर रूप से घायल हो गईं। ऐसा लगा की इंजुरी करियर खत्म देगा लेकिन तीन साल के अंदर ही सपना ने शानदार वापसी की और ट्रैक पर दोबारा अपना जलवा दिखाया। सपना अभी रांची में किराए के मकान में रहकर मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा स्टेडियम में अभ्यास करती हैं। झारखंड में रहने की जिद में उन्होंने स्पोर्ट्स कोटे से मिली CRPF की नौकरी, प्रशिक्षण के बाद छोड़ दी क्योंकि उनकी पदस्थापना झारखंड के बाहर हो रही थी।

 

“एक प्रतिभावान एथलीट सपना कुमारी का झारखंड छोड़ना दुर्भाग्यपूर्ण है। कारण जो भी रहे हों लेकिन मेरा मानना है कि राज्य सरकार व अन्य स्टेक होल्डर्स को अपनी भूमिका की पुनर्समीक्षा करनी चाहिए जिससे की भविष्य में इस तरह के “ब्रेन ड्रेन” की पुनरावृति से बचा जा सके”

 

ज्ञान सिंह
पूर्व राष्ट्रीय हर्डलर एवं एथलेटिक्स कोच

 

सपना ने गुजरात राष्ट्रीय खेलों में जीता था कांस्य पदक

सपना कुमारी ने गुजरात के 36वें राष्ट्रीय खेलों में कांस्य पदक जीता था। इससे जुड़ा कैश अवॉर्ड भी सपना को अब तक नहीं मिल पाया है। सरकारी अधिकारी टेंडर निकालने और कट मनी फरियाने में व्यस्त हैं। ट्रांसफर होने से पहले अगर फुर्सत मिल गई तो खिलाड़ियों के कैश अवॉर्ड पर निर्णय ले लेंगे।