Ms Praveen Enterprises को 1 करोड़ का सॉल्वेंसी सर्टिफिकेट जमा करना था, टेंडर कमिटि को पता नहीं कितने का जमा किया, फिर भी ठहराया योग्य

| रांची/खूंटी |
SAJHA के अफसरों के सांझे चूल्हे में पक रही भ्रष्टाचार की खिचड़ी : भाग – 3
खूंटी एस्ट्रो टर्फ पुनर्निर्माण के टेंडर में तकनीकी बिड के दौरान टेंडर मूल्यांकन समिति ने एक कंपनी को काम दिलाने के लिए कई महत्वपूर्ण बिंदुओं को नजरअंदाज किया। टेंडर के साथ बैंक द्वारा निर्गत 100 लाख मतलब एक करोड़ का सॉल्वेंसी सर्टिफिकेट जमा करने की अनिवार्यता रखी गई थी। साथ में ये भी शर्त थी कि ये सर्टिफिकेट 6 माह से ज्यादा पुराना न हो। EBACO ने तो 3.5 करोड़ के सॉल्वेंसी सर्टिफिकेट जमा किए लेकिन Ms Praveen Enterprises ने कितने का सॉल्वेंसी सर्टिफिकेट जमा किया इसका जिक्र नहीं है। सिर्फ Attached लिखा है।

इस सवाल का जवाब भी हमने टेंडर कमिटि के अध्यक्ष सह SAJHA के कार्यकारी निदेशक जीशान कमर से मांगी थी लेकिन उनकी चुप्पी टूटने का नाम ही नहीं ले रही।
टेंडर की शर्त साफ-साफ कहती है कि
3.1.7. Should have a bank solvency certificate for minimum of Rs. 100 Lakh (Scanned copy of original solvency certificate from a nationalized/scheduled bank to be uploaded, document not older than 6 months).
क्या होता है सॉल्वेंसी सर्टिफिकेट ?
सॉल्वेंसी सर्टिफिकेट एक सरकारी दस्तावेज होता है जो किसी भी संस्था या व्यक्ति की वित्तीय स्थिरता के बारे में जानकारी प्रदान करता है। ये आम तौर पर बैंक के द्वारा अपने क्लाइंट के पक्ष में जारी किया जाता है। इसमें बैंक गारंटर के रूप में सॉल्वेंसी सर्टिफिकेट जारी करता है।
कंपनी के मेमोरेंडम कॉलम में भी घालमेल
तकनीकी तुलनात्मक विवरणी में EBACO के समक्ष ये लिखा है कि उन्होंने कंपनी का मेमोरेंडम जमा किया है लेकिन Ms Praveen Enterprises के सामने सिर्फ Attached शब्द लिखा है। आखिर क्यों ? Ms Praveen Enterprises ने कौन सा दस्तावेज दिया जिसका जिक्र तकनीकी विवरणी में साफ-साफ करने से टेंडर कमिटि बचती रही। अगर मेमोरेंडम जमा किया था तो जैसे EBACO के सामने साफ-साफ लिखा है वैसे ही Ms Praveen Enterprises के समक्ष भी साफ साफ लिखा होना चाहिए था। इस सवाल पर भी जीशान कमर की चुप्पी बरकरार है।