राष्ट्रीय खेलों में लॉन बॉल के एकल मुकाबले में सुनील बहादुर ने लगाई स्वर्ण पदकों की हैट्रिक, महिला डबल्स व थ्री में रजत और मेंस 4 में कांस्य पदक के करना पड़ा संतोष पदक

राष्ट्रीय खेलों में लॉन बॉल के एकल मुकाबले में सुनील बहादुर ने लगाई स्वर्ण पदकों की हैट्रिक, महिला डबल्स व थ्री में रजत और मेंस 4 में कांस्य पदक के करना पड़ा संतोष पदक

 

रांची

टीम sportsjharkhand.com

जैप में सब इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत सुनील बहादुर ने झारखंड के लिए बुधवार को तीसरा स्वर्ण पदक जीता। लॉन बॉल के पुरूष एकल मुकाबले में सुनील बहादुर ने बंगाल के सोमेन बनर्जी को आसानी से 21-6 से हराकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। बुधवार को महिला वर्ग के स्वर्ण पदक के अन्य दो मुकाबले में झारखंड की टीम को हार का सामना करना पड़ा। महिला पेयर के फाइनल मुकाबले में झारखंड की रूपा रानी तिर्की और लवली चौबे की जोड़ी को असम के खिलाड़ियों ने 17-10 से हराया जबकि महिला ट्रिपल के मुकाबले में भी झारखंड की सरिता, कविता व अनामिका की तिकड़ी को दिल्ली के हाथों 18-9 से हार का सामना करना पड़ा। दोनों मुकाबले में झारखंड को स्वर्ण पदक की उम्मीद थी लेकिन रजत पदक से ही संतोष करना पड़ा। बुधवार को पुरूषों के फोर मुकाबले में कांस्य पदक की उम्मीद थी लेकिन झारखंड के खिलाड़ी मैच हार गए।

 

सुनील बहादुर ने लगाई स्वर्ण पदकों की हैट्रिक

सुनील बहादुर ने राष्ट्रीय खेलों के लॉन बॉल एकल में स्वर्ण पदकों की हैट्रिक पूरी की। पता हो कि सुनील बहादुर ने झारखंड में 2011 के 34वें राष्ट्रीय खेल फिर 2015 में केरल के 35वें राष्ट्रीय खेल के बाद 2022 में गुजरात में खेले गए 36वें राष्ट्रीय खेल में भी पुरूषों की एकल स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीता।

 

लॉन बॉल में झारखंड को 2 स्वर्ण, 3 रजत व 1 कांस्य पदक

बुधवार को लॉन बॉल के मुकाबले खत्म हो गए। झारखंड के खिलाड़ियों ने कुल छह पदकों पर कब्जा जमाया। पुरूषों के एकल व महिला फोर में स्वर्ण पदक, महिला एकल, पेयर व ट्रिपल में रजत जबकि पुरूषों के ट्रिपल में कांस्य पदक जीता।

 

“स्वर्ण पदकों की हैट्रिक लगाकर अच्छा लग रहा है। फाइनल से पहले थोड़ा नर्वस था लेकिन मैदान में पूरे आत्मविश्वास खेला और सफल रहा।”

सुनील बहादुर, स्वर्ण पदक विजेता
लॉन बॉल