परिणाम से पहले ज्वाइनिंग चाहते हैं ? देर किए बगैर चले आईए JSSPS ! प्रशिक्षक नियुक्ति का परिणाम जारी नहीं लेकिन दीपक ढिल्लन ने खुद को नवनियुक्त एथलेटिक्स कोच बता खेल निदेशालय सह SAJHA से खेल गांव में मांगा फ्लैट

परिणाम से पहले ज्वाइनिंग चाहते हैं ? देर किए बगैर चले आईए JSSPS ! प्रशिक्षक नियुक्ति का परिणाम जारी नहीं लेकिन दीपक ढिल्लन ने खुद को नवनियुक्त एथलेटिक्स कोच बता खेल निदेशालय सह SAJHA से खेल गांव में मांगा फ्लैट
रांची

sportsjharkhand.com EXCLUSIVE 

Mission Olympic Gold के सपनो को तार तार करने में झारखंड राज्य खेल प्रोत्साहन सोसायटी (JSSPS) की लोकल मैनेजमेंट कमिटी (LMC) के सदस्य पूरी तन्मयता के साथ जुट गए हैं। JSSPS में भ्रष्टाचार का ताजा मामला प्रशिक्षकों की नियुक्ति से जुड़ा है। प्रशिक्षकों के इंटरव्यू की प्रक्रिया 16 से 20 जून के बीच संपन्न हो चुकी है लेकिन खेल निदेशक शेखर जमुआर के निर्देश के बावजूद एक माह से ज्यादा का वक्त गुजर जाने के बाद अब तक परिणाम घोषित नहीं किए गए हैं। आश्चर्य की बात है कि परिणाम घोषित होने से पहले ही इंटरव्यू दे चुका हरियाणा का एथलेटिक्स प्रशिक्षक दीपक ढिल्लन पिता दयानंद ढिल्लन मंगलवार को मोरहाबादी स्थित खेल निदेशालय सह SAJHA (झारखंड खेल प्राधिकरण) के ऑफिस पहुंच गया। वहां खेल निदेशालय और SAJHA के कई अधिकारियों से मिला और खुद को JSSPS का नवनियुक्त प्रशिक्षक बताया। दीपक ने इस निमित्त 21 जुलाई के हस्ताक्षर से ऑफिस में बकायदा आवेदन भी जमा किया है और खेल गांव में जल्द से जल्द दो BHK फ्लैट आवंटित करने का आग्रह कर डाला। मौसेरे भाई-बहनों द्वारा चोरी और सीनाजोरी का इससे बेहतर उदाहरण हाल के दिनों में तो झारखंड के खेल परिदृश्य पर देखने को नहीं मिला है।

 

परिणाम आने से पहले ही JSSPS कैसे पहुंचा दीपक ढिल्लन ?

sportsjharkhand.com को जानकारी मिली है कि JSSPS की नियुक्ति प्रक्रिया में शामिल LMC की एक कुख्यात भ्रष्टाचारी महिला के इशारे पर दीपक ढिल्लन पिता दयानंद ढिल्लन दो-तीन दिन पहले रांची पहुंचा। इशारे के लिए रंगीन गांधी जी कि भूमिका से इनकार नहीं किया जा सकता। सोमवार को दीपक ढिल्लन जैसे ही LMC के ऑफिस पहुंचा, कुछ सदस्यों ने उसका परिचय जानना चाहा तो उसने बताया कि मेरी नियुक्ति एथलेटिक्स कोच के तौर पर हुई है और कुख्यात महिला के कहने पर ही वो ज्वाइनिंग करने के लिए रांची पहुंचा है। जब परिणाम निकला ही नहीं तो एक प्रशिक्षक को कैसे पता कि उसकी नियुक्ति होनेवाली है ? दीपक पिछले दो दिनों से JSSPS में कार्यरत विभिन्न प्रशिक्षकों से प्रैक्टिस ग्राउंड/मुख्य स्टेडियम में मिल भी रहा है। यही नहीं ज्वाइनिंग से पहले ही दीपक ढिल्लन ने LMC को पत्र लिखकर हरियाणा/पंजाब में उसके (दीपक के) निर्देशन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही एक महिला पैरा एथलीट को मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में प्रशिक्षण लेने की अनुमति देने का आग्रह भी कर दिया है। इसे कहते हैं कॉन्फिडेंस !

 

अक्टूबर 2024 में शुरू हुई थी नियुक्ति प्रक्रिया, 16 से 20 जून तक चला था साक्षात्कार

पिछले 6 वर्षों से JSSPS में प्रशिक्षकों की नियुक्ति नियमावली ही बन बिगड़ रही थी। काफी मशक्कत के 8 अक्टूबर को विज्ञापन निकला। अप्रैल तक स्क्रूटनी हुई, मई में शॉर्टलिस्टेड अभ्यर्थियों की सूची जारी की गई। 16 से 20 जून तक साक्षात्कार चला। खेल निदेशक के कड़े निर्देश के बावजूद अब तक साक्षात्कार का परिणाम जारी नहीं हुआ लेकिन प्रशिक्षक ज्वाइनिंग के लिए रांची पहुंचने भी लगे। JSSPS के खिलाड़ी ओलंपिक में गोल्ड जीतें इससे पहले इस बात की प्रबल संभावना बन गई है कि भ्रष्टाचार के मामले में LMC के कुछ लोग गोल्ड, डायमंड और प्लैटिनम जरूर जीत लेंगे। ऐसा कुकर्म करने वाले को पता होना चाहिए कि मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की एक बाउंड्री का एक हिस्सा बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार से भी मिलता है।

 

इस प्रकरण के बाद विवादों में आ गई नियुक्ति प्रक्रिया

साक्षात्कार में सफल अभ्यर्थियों की सूची जारी होने से पहले ही फ्लैट मांगने की प्रक्रिया से साफ हो गया है कि JSSPS की नियुक्ति प्रक्रिया में गड़बड़झाला है। पूरे मसले की निष्पक्षता से जांच होनी चाहिए और निष्पक्ष रूप से दोषियों को चिन्हित कर कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए। तालाब में किए गए इस मल को पानी की सतह पर आने से रोकने की कोशिश से ना तो संस्था का भला होगा ना ही खिलाड़ियों के भविष्य के लिए बेहतर होगा।