लीग खेलनेवाले सभी क्लबों से निबंधन शुल्क वसूलने वाला RDCA सभी क्लबों को मतदान का अधिकार देने से कर रहा वंचित, क्लब संचालक आंदोलन की राह पर

RDCA का चुनावी AGM 28 सितंबर को, वित्तीय वर्ष 2020-21 व 2021-22 की ऑडिट रिपोर्ट "गायब" लेकिन 2022-23 और 2023-24 की ऑडिट रिपोर्ट को एक्जीक्यूटिव कमिटी ने दिखाई हरी झंडी
रांची

टीम sportsjharkhand.com

रांची जिला क्रिकेट संघ (RDCA) की लीला अपरंपार है। RDCA जिला क्रिकेट लीग खेलनेवालें सभी क्लबों से निबंधन शुल्क तो वसूलता है लेकिन जब वार्षिक आम सभा (AGM) में मतदान के अधिकार की बात आती है तो सभी क्लबों को मतदान का अधिकार नहीं मिलता। इसको लेकर क्लब के संचालकों में नाराजगी देखी जा रही है। क्लब संचालकों ने इस निमित्त एक बैठक भी की और लिखित तौर पर RDCA और झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) के पास शिकायत भी दर्ज कराई है। दरअसल समस्या की जड़ में RDCA के बायलॉज का सेक्शन 27 (V) है

27 (V) : One affiliated club/unit will be entitle to one vote. Any club has more than one team but in such cash only one Club will eligible to vote, provided such club has continuous five years standing.

इसी क्लॉज के आधार पर एक ही नाम से अलग अलग क्लब का संचालन कर रहे लोगों को भी बांधने की कोशिश की जा रही है जबकि दोनों क्लब के अध्यक्ष व सचिव अलग अलग व्यक्ति हैं। पूरी सच्चाई RDCA के निबंधन दस्तावेजों में दर्ज है, इसके बावजूद मतदान के अधिकार से क्लबों को वंचित किया जा रहा है। पता हो कि RDCA का AGM सह चुनाव 28 सितंबर को होना है अभी तक योग्य मतदाताओं की आधिकारिक सूची तक जारी नहीं हो पाई है।

 

JSCA से इतर है RDCA का बायलॉज

JSCA के बायलॉज के अनुसार अगर एक ही नाम से जितने भी क्लब, स्कूल, इंस्टीट्यूशन निबंधित हैं, सभी को वोट का अधिकार है लेकिन RDCA का बायलॉज इससे पूर्णतः अलग है। 2 जनवरी 2017 को सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के बाद लोधा कमिटी के सिफारिश के अनुसार BCCI से मान्यता प्राप्त सभी संघों को BCCI के निबंधित बायलॉज के अनुसार ही संशोधित करने की बाध्यता थी। सभी ने संशोधन किया भी। इसी आधार पर RDCA को भी JSCA के संविधान को अंगीकृत करना चाहिए था, जो अब तक नहीं हो पाया है।

 

“RDCA के बायलॉज के हिसाब से सूची तैयार की जा रही है। बायलॉज के प्रावधानों से परे जाकर मै कुछ भी करने की स्थिति में नहीं हूं। इसे समझना होगा”

शैलेंद्र कुमार, सचिव RDCA