रांची को 2023 की शुरुआत में T20 इंटरनेशनल मैच की मेजबानी, श्रीलंका या न्यूजीलैंड की मेहमाननवाजी का मिलेगा मौका

| रांची |
नव वर्ष 2023 की शुरुआत झारखंड के खेलप्रेमियों के लिए शानदार होने जा रही है। जनवरी-फरवरी 2023 में रांची के JSCA स्टेडियम को T20 इंटरनेशनल मैच की मेजबानी मिली है। JSCA के लिए ये गौरव की बात है कि तीन माह के अंदर ही रांची में दो-दो अंतरराष्ट्रीय मैच के आयोजन का यह पहला अवसर होगा। इससे पहले रांची के JSCA स्टेडियम में वर्ष 2013 में 10 माह के अंदर दो वनडे इंटरनेशनल मैच का आयोजन हो चुका है। रांची में अब तक छह वनडे और 3 T20 इंटरनेशनल मैच का आयोजन हो चुका है।
T20 वर्ल्ड कप के बाद तय होगी मैच की तिथि व टीम
जनवरी में श्रीलंका और फरवरी में न्यूजीलैंड की टीम 3-3 वनडे और 3-3 T20 मैच खेलने के लिए भारत के दौरे पर आ रही हैं। इस दौरे का फाइनल शेड्यूल ऑस्ट्रेलिया में होनेवाले T20 वर्ल्ड कप के बाद तय होगा। BCCI के घरेलू सीजन के मैचों व रोटेशन पद्धति के तहत एक T20 मैच की मेजबानी रांची को सौंपी गई है। रांची में मैच किस टीम के खिलाफ किस दिन होगा इसका निर्णय नवंबर में होगा।
JSCA में होनेवाला चौथा T20 इंटरनेशनल मुकाबला होगा
रांची के JSCA स्टेडियम में अब तक तीन T20 मुकाबले हो चुके हैं। जनवरी-फरवरी में होनेवाला T20 मुकाबला चौथा मुकाबला होगा। रांची में हुए सभी T20 मुकाबले में भारतीय टीम अपराजेय रही है।
| रांची के JSCA स्टेडियम में हुए T20 मुकाबले
19 फरवरी 2016 विरुद्ध श्रीलंका, भारत 69 रन से जीता 7 अक्टूबर 2017 विरुद्ध ऑस्ट्रेलिया, भारत 9 विकेट से जीता 19 नवंबर 2021 विरुद्ध न्यूजीलैंड, भारत 7 विकेट से जीता |