दिसंबर 25 से अप्रैल 26 के बीच दुर्लभ संयोग : RDCA सचिव ने चट से क्रिकेट टीम घोषित की और पट से निजी अकाउंट में आया रुपैया

| रांची |
वित्तीय अनियमितता के मकड़जाल में फंसा RDCA – भाग 1
रांची जिला क्रिकेट संघ (RDCA) की लीला पिछले तीन दशकों के दौरान अपरंपार रही है। 90 के दशक में पदाधिकारियों पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे, लगभग दो दशक बाद सचिव लाख-दो लाख रुपए में रणजी ट्रॉफी खिलाने का दावा करते हुए कैमरे पर कैद हो गए और वर्तमान में गंभीर आरोपों की लिखित शिकायत के बाद काम करने से हटा दिए गए सचिव महोदय “चट टीम, पट रुपैया” की कहावत गढ़ते हुए देखे जा रहे हैं। अब ये महज संयोग है या बहुत कुछ ये तो जांच के बाद ही पता चलेगा।
दिसंबर 2025 से अप्रैल 2026 के बीच कम से कम पांच बार ऐसा दुर्लभ संयोग बना है कि RDCA सचिव शैलेंद्र कुमार ने जिस दिन रांची जिला क्रिकेट टीम की घोषणा कि उसी दिन या उससे आगे-पीछे कुछ दिन में सचिव महोदय के निजी बैंक अकाउंट में रुपयों की बारिश हो गई। टीम घोषणा और रुपयों की बारिश का जायजा आप भी तिथिवार देखें
पहला दुर्लभ संयोग : 12 दिसंबर 2025 : रांची जिला U 14 बालक टीम की घोषणा, इसके अगले दिन 13 दिसंबर 2025 को मोहम्मद नामक व्यक्ति ने 48,600 रुपए सचिव महोदय के निजी अकाउंट में भेज दिए
दूसरा दुर्लभ संयोग : 7 जनवरी 2026 को U 19 जिला टीम की घोषणा, घोषणा से पहले 3 जनवरी को स्वयं नकद 45,000 रुपए जमा किए, 9 जनवरी को अमन गौरव ने 90,000 और फिर अमन गौरव ने 10 जनवरी को 10 हजार रुपए जमा किए
तीसरा दुर्लभ संयोग : 16 जनवरी को U 16 टीम की घोषणा और उसी दिन सोनू प्रसाद ने 14,000 रुपए डाले
चौथा दुर्लभ संयोग : 21 मार्च 2026 को U 23 महिला टीम की घोषणा, उसी दिन मुक्तेश सिंह ने 20,000 हजार रुपए सचिव महोदय के निजी अकाउंट में डाले
पांचवां दुर्लभ संयोग : 16 अप्रैल 2026 को U 19 महिला टीम की घोषणा, 18 अप्रैल को रोहित सिंह ने दो बार में 25,000 रुपए डाले
ये आंकड़े तो मात्र 5 माह के हैं। इससे पहले के आंकड़ों की जांच की जाए तो आशंका है कि इस तरह के दर्जनों दुर्लभ संयोग और देखने को मिल सकते हैं।
उपरोक्त सभी दुर्लभ संयोगों और अन्य विषयों पर sportsjharkhand.com ने सचिव शैलेंद्र कुमार से लिखित तौर पर कुल 29 सवाल पूछे थे। खबर लिखने तक उन्होंने न तो कोई लिखित जवाब दिया और न ही फोन पर औपचारिक तौर पर कोई प्रतिक्रिया दी।
अगली कड़ी में गुरुवार की रात को पढ़िए
सुबह में RDCA सचिव ने किया चेक से भुगतान और शाम में सचिव महोदय निजी अकाउंट में आया रुपैया मस्तान !
सिर्फ और सिर्फ
sportsjharkhand.com पर