10 जून को JSCA की कमिटी ऑफ मैनेजमेंट से इस्तीफा देंगे राघवेंद्र नारायण सिंह, GDCA के सचिव बने रहेंगे

| रांची |
झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) की नवनिर्वाचित कमिटी ऑफ मैनेजमेंट (CoM) से जिला प्रतिनिधि के तौर पर निर्वाचित राघवेंद्र नारायण सिंह उर्फ गुड्डू आगामी 10 जून को इस्तीफा देंगे। JSCA के CoM की अगली बैठक 10 जून को प्रस्तावित है और इसी दिन इस्तीफे की औपचारिकता को पूरा कर दिया जाएगा। JSCA में निर्वाचित होने के बाद गढ़वा जिला क्रिकेट संघ (GDCA) के सचिव राघवेंद्र नारायण सिंह के समक्ष दोनों पदों में से एक पद से इस्तीफा दिए जाने की अनिवार्यता है। 18 मई को JSCA में टीम अजय नाथ शहदेव के जीत के बाद ही निर्णय लिया गया था कि राघवेंद्र अपने पद से इस्तीफा देंगे। पता हो कि IG रजिस्ट्रार के निर्देश पर 28 अप्रैल को GDCA का चुनाव हुआ था जिसमें राघवेंद्र नारायण सिंह सचिव निर्वाचित हुए थे।
SGM में उपचुनाव के जरिए भरा जाएगा पद
JSCA के बायलॉज के अनुसार अगर कोई निर्वाचित प्रतिनिधि इस्तीफा देता है तो क्लॉज 10 के अनुसार 45 दिनों के अंदर विशेष आम सभा (SGM) बुलाकर खाली हुए पद पर उप चुनाव कराया जाएगा। ऐसे में 10 जून को इस्तीफा देने की स्थिति में 24 जुलाई तक खाली हुए पद पर नए प्रतिनिधि का निर्वाचन कराना होगा।