सभी जिला खेल पदाधिकारियों के लिए रांची में दो दिवसीय कार्यशाला सह वेबीनार का आयोजन, 38 प्रतिभागी लेंगे हिस्सा

| रांची
टीम sportsjharkhand.com |
खेलकूद और युवा कार्य निदेशालय द्वारा राज्य के सभी जिला खेल पदाधिकारीओं, खेल संघों के चयनित पदाधिकारियों के लिए दो दिवसीय कार्यशाला सह वेबीनार का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यशाला सह वेबिनार में कई विशेषज्ञ वक्ता भी जुड़ेंगे। ऑफलाइन तौर पर मोरहाबादी स्थित जयपाल सिंह एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में यह कार्यशाला आयोजित होगी। जबकि ऑनलाइन भी इस वेबीनार में खेल से जुड़े संबंधित पदाधिकारी जुड़ेंगे।
इस कार्यशाला में राज्य के 20 जिला खेल पदाधिकारी, खेल संघों के 16 चयनित पदाधिकारी, जेएसएसपीएस के दो पदाधिकारी समेत कुल 38 प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। इन प्रतिभागियों के रहने की व्यवस्था मोराबादी स्थित रांची विश्वविद्यालय के गेस्ट हाउस में की गई है। 4 मार्च और 5 मार्च को यह कार्यशाला आयोजित होगी। ऑनलाइन माध्यम से 2 अंतरराष्ट्रीय वक्ता भी शामिल होंगे। खेल निदेशक सरोजनी लकड़ा की माने तो, इस कार्यक्रम का उद्देश्य यह है कि कैसे खेल के क्षेत्र में सुशासन लाया जाए। विभाग द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ खिलाड़ियों को मिले, इसे सुनिश्चित किया जाए और भी विभिन्न परेशानियों, समस्याओं और उनका समाधान को लेकर चर्चा होगी
बताते चलें कि कार्यशाला के समाप्ति के बाद इसी महा क्रीड़ा प्रशिक्षकों के लिए कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा। इसकी भी तैयारी कर ली गई है।