34वां राष्ट्रीय खेल घोटाला : विनोद तोमर के एक पत्र से NGOC को हो गया 1.88 करोड़ का नुकसान

| रांची
टीम sportsjharkhand.com |
भारतीय कुश्ती संघ (WFI) से सस्पेंड किए गए सहायक सचिव विनोद तोमर कुश्ती के खेल मैदान से बाहर होनेवाली “नूरा कुश्ती” के पुराने खिलाड़ी रहे हैं। 34वें राष्ट्रीय खेल घोटाले के दस्तावेज तो यही बताते हैं। आपको पता हो कि फरवरी 2011 में रांची, जमशेदपुर और धनबाद में हुए राष्ट्रीय खेलों में WFI के कहे अनुसार 6 रेसलिंग मैट खरीदे जाने थे। टेंडर 27 अप्रैल 2008 को फ्लोट किया।इसके बाद की परिस्थितियों को क्रमवार ऐसे समझ सकते हैं।
30 मई 2008 : को तकनीकी बीड खोला गया और सभी की सभी छह कंपनियां योग्य पाई गईं।
20 जून 2008 : विनोद तोमर के रांची के सूत्रों ने ये जानकारी पहुंचाई कि 26 जून को वित्तीय बीड खुल रहा है और बगैर किसी विलंब के तोमर ने 20 जून 2008 को पत्रांक WFI/Jharkhand/013/2007 के जरिए राष्ट्रीय खेल आयोजन समिति (NGOC) के आयोजन सचिव को पत्र लिखकर स्वीडन की कंपनी M/s G Backstrand AB या भारतीय कंपनी M/s ESS KAY Sports पटियाला से मैट खरीदने का निर्देश दिया।

26 जून 2008 : टेंडर कमिटी ने 26 जून को वित्तीय बीड खोलने का निर्णय निरस्त कर दिया।
25 जुलाई 2008 : विनोद तोमर ने 20 जून को लिखा पत्र आयोजन सचिव को दोबारा फैक्स किया और M/s G Backstrand AB या भारतीय कंपनी M/s ESS KAY Sports पटियाला से मैट खरीदने का निर्देश दोहराया।
16 अक्टूबर 2008 : टेंडर कमिटी ने वित्तीय बीड खोला और मैट खरीदने का ठेका L 1 की कंपनी ESS KAY Sports से 32.65 लाख में खरीदने का निर्णय लिया।

17 अक्टूबर 2008 : ठेका विनोद तोमर द्वारा निर्देशित कंपनी ESS KAY Sports को मिल गया लेकिन लाल हरे गांधी जी के साथ “नूरा कुश्ती” की गुंजाईस न होता देख भारतीय कुश्ती संघ (WFI) के तत्कालीन सचिव करतार सिंह IPS के हस्ताक्षर से शाम 4.39 मिनट पर पत्रांक WFI/Jharkhand/013/2007 फैक्स आया। इस पत्र में साफ साफ कहा गया कि फ्रांस की कंपनी O’Jump के मैट ही राष्ट्रीय खेलों के लिए खरीदे जाएं। खास बात ये है कि 20 जून वाले इसी पत्रांक WFI/Jharkhand/013/2007 का जिक्र पत्र में है लेकिन पत्रांक नहीं बदला।
18 अक्टूबर 2008 : करतार सिंह के पत्र पर हलचल न होता देख विनोद तोमर ने दोपहर 1.09 बजे पत्रांक WFI/Jharkhand/013/2007 के द्वारा 17 अक्टूबर 2008 को खुद के हस्ताक्षर से पत्र फैक्स कर दिया।

23 अक्टूबर 2008 : तोमर और करतार के पत्र का असर भी हुआ और 23 अक्टूबर को सचिव ने इसपर संज्ञान भी ले लिया और जो काम 32.65 लाख में दिया गया था। उसका बजट बढ़कर 2.2 करोड़ हो गया। यानी पत्र लिखने की कीमत 1.88 करोड़ रुपए !

दो पत्र से NGOC को हुआ 1.88 करोड़ का नुकसान
विनोद तोमर ने 20 जून व 25 जुलाई को जो पत्र NGOC को भेजे उसी के अनुसार काम 32.65 लाख में अलॉट हो गया। लेकिन इसके बाद 17 अक्टूबर 2008 को विनोद तोमर और करतार सिंह ने जो पत्र लिखा उससे NGOC को मात्र 1.88 करोड़ का नुकसान हुआ। पता नहीं पत्र लिखने की कीमत क्या लगाई गई हो ?

WFI के अलग अलग पदाधिकारी एक ही पत्रांक पर कितनी बार हस्ताक्षर करते हैं ?
पत्रांक WFI/Jharkhand/013/2007 पहली बार 20 जून को जारी होता है। हस्ताक्षर विनोद तोमर का है। फिर इसी पत्रांक से 17 अक्टूबर 2008 को दो पत्र जारी होते हैं। एक पर हस्ताक्षर विनोद तोमर का है जबकि दूसरे पर हस्ताक्षर IPS करतार सिंह का है।
पत्रांक में वर्ष (वित्तीय वर्ष भी मान लें तो) 2007 लिखा है लेकिन पत्र जारी होता है 2008 के वित्तीय वर्ष में।
17 अक्टूबर को जारी पत्र में कंटेंट, कॉमा, फूल स्टॉप एक समान, सिर्फ हस्ताक्षर बदला
17 अक्टूबर को 1.88 करोड़ का जो पत्र करतार सिंह IPS और विनोद तोमर ने अलग अलग लिखा उसका कंटेंट, कॉमा, फूल स्टॉप सब के सब एक समान हैं। सिर्फ बदला है तो हस्ताक्षर करनेवाले का नाम, हस्ताक्षर और पदनाम। ये दोनों पत्र कुछ कह रहे हैं आप भी गौर फरमाइए


नोट – पाठकों को पता हो कि इस घोटाले की जांच अब CBI कर रही है। इससे पहले 12 साल तक इस मामले की जांच ACB कर रही थी।