अंधा बांटे रेवड़ी ! मंत्री के निर्देश पर हजारीबाग DSO का प्रभार उस DSO को सौंपा गया जो 28 फरवरी तक राज्य व देश में ही नहीं

| रांची
टीम sportsjharkhand.com |
झारखंड के खेल विभाग की लीला अपरंपार है। पिछले दिनों 22 दिसंबर को कर्तव्यहीनता के आरोप में हजारीबाग जिला खेल पदाधिकारी (DSO) को निलंबित कर दिया गया था। इसके बाद से हजारीबाग जिला DSO विहीन हो गया था। विभाग स्तर पर आसपास के किसी DSO को प्रभार देने की प्रक्रिया शुरू हुई। SportsJharkhand.com को मिली जानकारी के अनुसार विभागीय सचिव ने विभिन्न कारणों का हवाला देते हुए चतरा DSO का नाम प्रस्तावित कर खेल मंत्री के पास भेजा। खेल मंत्री ने चतरा DSO की जगह रामगढ़ DSO को हजारीबाग DSO का प्रभार देने का आदेश जारी कर दिया।
लेकिन आदेश जारी करने वक्त माननीय मंत्री जी को सलाह देनेवाले काबिल सलाहकारों को ये याद नहीं रहा कि रामगढ़ DSO खुद आगामी 18 जनवरी से लेकर 28 फरवरी तक आसाम और फिर मलेशिया में रहेंगी। दरअसल 20 से 26 फरवरी 2023 तक मलेशिया में एशियन लॉन बॉल चैंपियनशिप का आयोजन हो रहा है, जिसमें भाग लेनेवाली भारतीय टीम में रामगढ़ DSO रूपा रानी तिर्की भी शामिल हैं। भारतीय टीम का प्रशिक्षण शिविर 16 जनवरी से गुवाहाटी, आसाम में लग रहा है। वहीं से टीम कोलकाता होते हुए मलेशिया जाएगी। इस निमित “विशेष छुट्टी” के लिए रूपा रानी तिर्की ने एक पखवाड़े पहले ही विभाग में आवेदन दे दिया है।
आवासीय सेंटर के वेंडरों की होली फीकी रह सकती है
रामगढ़ DSO सह हजारीबाग DSO 18 जनवरी से 28 फरवरी तक बाहर रहेंगी। ऐसे में हजारीबाग में चल रहे आवासीय सेंटर में खाना, सुरक्षा, साफ सफाई का काम कर रहे वेंडरों की होली इस बार फीकी रहने की संभावना है। क्योंकि जब DSO ही नहीं रहेगा तो जनवरी और फरवरी माह का भुगतान कैसे होगा ? अभी हजारीबाग सेंटर के वेंडरों को जनवरी का भी भुगतान नहीं हो पाया है।
क्या होगा समाधान ?
विभाग के समक्ष अब एक और प्रभार देने के अलावा कोई और विकल्प नहीं बचा है। क्योंकि अब नौबत ऐसी आ गई है कि रामगढ़ DSO सह हजारीबाग DSO का प्रभार किसी और DSO को सौंपना ही होगा। एक और बात ध्यान देनेवाली है कि DSO के पास आवागमन के साधन नही होने के कारण प्रभारवाले जिला मुख्यालय तक आने जाने में बहुत परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
क्या कहते हैं जिम्मेवार
“जो परिस्थितियां बनी हैं, उनके अनुसार निर्णय लिया जाएगा। किसी और जिले के DSO को प्रभार दिया जाएगा”
अभिनव स्वरूप, आप्त सचिव, माननीय मंत्री पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग