बरखा सिन्हा झारखंड तैराकी संघ की अध्यक्ष चुनी गईं, डेढ़ दशक बाद राज्य खेल संघ की अध्यक्ष बननेवाली पहली महिला

बरखा सिन्हा झारखंड तैराकी संघ की अध्यक्ष चुनी गईं, डेढ़ दशक बाद राज्य खेल संघ की अध्यक्ष बननेवाली पहली महिला
रांची

टीम sportsjharkhand.com

 

शनिवार को झारखंड तैराकी संघ (Jharkhand Swimming Association) की वार्षिक आम सभा आयोजित हुई। इस सभा के दौरान ही कई एजेंडे पारित हुए। तो वहीं झारखंड तैराकी संघ की नई समिति की गठन भी हुई।

गौरतलब है स्विमिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के जनरल सेक्रेटरी मोनल डी चौकसी की देखरेख में झारखंड स्विमिंग एसोसिएशन की वार्षिक आमसभा आयोजित हुई। इसके साथ ही पदाधिकारियों का चयन भी हुआ। भारतीय तैराकी संघ के महासचिव की स्वीकृति के बाद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, सहसचिव, कोषाध्यक्ष और एग्जीक्यूटिव सदस्यों का सर्वसम्मति से निर्वाचन किया गया।

सर्वसम्मति से निर्वाचित पदाधिकारी

अध्यक्ष – बरखा सिन्हा, रांची

सचिव – उपेंद्र कुमार तिवारी,रांची

कोषाध्यक्ष – अमर कुमार सिंह, रांची

उपाध्यक्ष – संतोष कुमार सिंह, धनबाद

सह सचिव – नीलम सिंह, देवघर

सह सचिव- मोहम्मद दिलदार, सरायकेला

झारखंड में महिला खेल प्रशासकों की भारी कमी रही है। 2009-10 तक मृदुला सिन्हा झारखंड महिला हॉकी संघ की अध्यक्ष रहीं। इसके बाद कोई भी महिला झारखंड राज्य खेल संघ की अध्यक्ष नहीं बन पाई। लगभग डेढ़ दशक बाद शिव शिष्य हरिंद्रानंद फाउंडेशन की अध्यक्ष बरखा सिन्हा झारखंड तैराकी संघ की अध्यक्ष बनी हैं। अभी हॉकी झारखंड में कोषाध्यक्ष का पद महिला के पास है।

एग्जीक्यूटिव मेंबर

माधव चंद्र घोष, साहेबगंज

प्रह्लाद सिंह, हजारीबाग

नित्यानंद शर्मा, जमशेदपुर

अशोक कुमार सिंह, जमशेदपुर

सुमन यादव, दुमका

वर्ष 2023 से 27 के लिए नई कार्यकारिणी समिति का गठन किया गया है। नई कार्यकारिणी समिति के अधीन वर्ष 2023 से 24 के लिए राज्य स्तरीय विभिन्न तैराकी प्रतियोगिता के लिए कई जिला संघों को जिम्मेदारी भी दी गई है। बताते चलें कि 13वीं झारखंड राज्य सब जूनियर और जूनियर तैराकी प्रतियोगिता वर्ष 2023 में आयोजित होगी। वहीं सीनियर तैराकी प्रतियोगिता भी इसी वर्ष आयोजित किया जाएगा। प्रथम झारखंड राज्य इंटर क्लब ऐज ग्रुप तैराकी प्रतियोगिता, प्रथम झारखंड राज्य मास्टर तैराकी चैंपियनशिप 2023 में आयोजित किया जाएगा। वहीं ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर को लेकर भी चर्चा हुई है।

झारखंड में स्विमिंग की हो रही है उपेक्षा

इस आम सभा के बाद झारखंड स्विमिंग एसोसिएशन की ओर से एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का भी आयोजन किया गया। प्रेस को संबोधित करते हुए भारतीय तैराकी संघ के महासचिव मोनल डी चौकसी ने विभिन्न प्रतियोगिताओं को लेकर जानकारी दी। वहीं झारखंड में स्विमिंग खिलाड़ियों को तलाशने और तराशने पर बल दिया। मौके पर उन्होंने कहा कि जिस तरह अन्य खेलों को झारखंड में सरकारी मदद मिलती है। सरकारी इंफ्रास्ट्रक्चर का लाभ अन्य खेल से जुड़े खिलाड़ी उठाते हैं। उसका लाभ स्विमिंग के क्षेत्र के खिलाड़ी नहीं उठा पाते हैं और ना ही स्विमिंग को इस स्टेट में तवज्जो दी जाती है। सरकारी सहयोग भी ना के बराबर इस खेल को मिल रहा है।