सर…यहां कोई पत्रकार आया है पानी, बिजली और खिलाड़ियों के प्रशिक्षण के बारे में पूछ रहा है… और इसके डेढ़ घंटे बाद एक पखवाड़े से कटी बिजली बहाल हो गई

सर...यहां कोई पत्रकार आया है पानी, बिजली और खिलाड़ियों के प्रशिक्षण के बारे में पूछ रहा है... और इसके डेढ़ घंटे बाद एक पखवाड़े से कटी बिजली बहाल हो गई
रांची

टीम sportsjharkhand.com

पिछले एक पखवाड़े से राज्य हॉकी प्रशिक्षण केंद्र बरियातू की बिजली काट दी गई थी। जिस कारण एस्ट्रो टर्फ पर पानी का छिड़काव नहीं हो पा रहा था और खिलाड़ियों का प्रशिक्षण भी बाधित हो रहा था। अहले सुबह करीब 6 बजकर 20 मिनट पर sportsjharkhand.com की टीम इस मामले की तहकीकात करने बरियातू स्थित एस्ट्रो टर्फ पहुंची। बिजली के कारण प्रशिक्षण बाधित होने के संदर्भ में जैसे ही हमारी टीम ने केयर टेकर से पूछा। केयरटेकर ने तुरंत ये बात खेल महकमे के अधिकारियों तक मोबाइल के जरिए पहुंचाई।

” सर………यहां कोई पत्रकार आया है पानी, बिजली और खिलाड़ियों के प्रशिक्षण के बारे में पूछ रहा है “

इस फोन कॉल के लगभग डेढ़ घंटे के बाद एक बिजली मिस्त्री एस्ट्रो टर्फ पहुंचा और बिजली बहाल हो गई।

8 माह के बकाए बिल के कारण बिजली विभाग ने काट दिया था कनेक्शन

पिछले 8 महीने से बिजली विभाग को झारखंड खेल प्राधिकरण (SAJHA) की ओर भुगतान नहीं हो रहा था। 1,13,359 रुपये का बिजली बिल बकाया हो गया था। इसी वजह से बिजली विभाग ने रांची के बरियातू स्थित गवर्नमेंट गर्ल्स स्कूल के अत्याधुनिक टर्फ की बिजली ही काट दी। जिस कारण टर्फ पर पानी का छिड़काव नहीं हो पा रहा था और खिलाड़ियों का अभ्यास भी बाधित हो रहा था।

हॉकी टर्फ में पानी का छिड़काव क्यों होता है जरूरी

हॉकी टर्फ में पानी का छिड़काव विशेष महत्व रखता है। टर्फ में गेंद की गति बढ़ाने और खिलाड़ियों के चोटिल होने की संभावना पानी के छिड़काव से कम हो जाती है। फिसलन नहीं होता है। आम भाषा में समझाएं तो तापमान कम करने के लिए हॉकी खेलने से पहले टर्फ को ठंडा करने की आवश्यकता होती है। बहुत अधिक धूल और कचरा जमा हो जाने पर उसे धोने की भी जरूरत होती है। लगभग 30 मिनट तक पानी के छिड़काव होने से ही यह टर्फ खेलने के लिए बेहतर हो जाता है।