झारखंड के सभी सरकारी विद्यालयों में “खेलो झारखंड – Kick for Jharkhand” प्रतियोगिता का आयोजन 5 नवंबर से

झारखंड के सभी सरकारी विद्यालयों में "खेलो झारखंड - Kick for Jharkhand" प्रतियोगिता का आयोजन 5 नवंबर से
रांची

टीम sportsjharkhand.com

 

राज्य के सभी सरकारी स्कूलों (प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, माध्यमिक, उच्चतर माध्यमिक, कस्तूरबा गांधी व मॉडल विद्यालय) में छात्र-छात्राओं के लिए विभिन्न खेल स्पर्धाओं का आयोजन 5 नवंबर से 15 दिसंबर तक किया जाएगा। स्कूल, प्रखंड, जिला और फिर राज्य स्तर पर आयोजित होनेवाली इस प्रतियोगिता को झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के बैनर तले आयोजित किया जा रहा है। सरकारी स्कूल में अध्यनरत विद्यार्थियों के बीच अनुशासन, नेतृत्व क्षमता का विकास, टीम भावना, प्रतिस्पर्धा की भावना व निर्णय लेने की क्षमता समेत सर्वांगीण विकास की अवधारणा के साथ प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। झारखंड शिक्षा परियोजना ने प्रतियोगिता आयोजन से जुड़ा पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है। “खेलो झारखंड – Kick for Jharkhand” आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न स्टेकहोल्डर्स के साथ 22 अक्टूबर को कार्यशाला का आयोजन भी किया जा रहा है। पहले इस तरह की खेल स्पर्धाएं बाल समागम के तहत ही आयोजित होती थी, जिसमें कक्षा 10 तक के विद्यार्थी भाग लेते थे।

सभी स्कूल 30 अक्टूबर तक खरीद लें खेल सामग्री

परिषद ने सभी स्कूलों को भारत सरकार द्वारा PAB में स्पोर्ट्स एंड फिजिकल एजुकेशन मद में स्वीकृत राशि से “खेलो झारखंड – Kick for Jharkhand” के आयोजन के लिए जरूरी खेल सामग्री खरीद लेने का निर्देश भी दिया है। सभी स्कूलों को ये सुनिश्चित करने का निर्देश भी जारी किया गया है।

कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों के लिए सिर्फ विद्यालय स्तर पर आयोजित होगी प्रतियोगिता

झारखंड शिक्षा परियोजना की ओर से जो शेड्यूल जारी किया गया है। उसके अनुसार कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों के लिए सिर्फ और सिर्फ विद्यालय स्तर पर ही प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए विद्यालय, प्रखंड व जिला स्तर पर प्रतियोगिता का आयोजन होगा। जबकि कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए विद्यालय, प्रखंड, जिला व राज्य स्तर पर प्रतियोगिता का आयोजन होगा। सभी विजयी छात्रों को मेडल और प्रमाण पत्र दिया जाएगा।

इन स्पर्धाओं में भाग ले सकेंगे सरकारी विद्यालय के बच्चे

कक्षा 1 से 5

10 मीटर दौड़, जलेबी दौड़, बोरा दौड़, चम्मच दौड़, म्यूजिकल चेयर आदि

कक्षा 6 से 8

100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर, 4 गुणा 100 मीटर, लांग जंप, हाई जंप, भाला फेंक, गोला फेंक, कराटे, हॉकी व फुटबॉल।

कक्षा 9 से 12

100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर, 4 गुणा 100 मीटर, लांग जंप, हाई जंप, भाला फेंक, गोला फेंक, कराटे, हॉकी व फुटबॉल।

इन तिथियों को होगा आयोजन

स्कूल स्तर पर प्रतियोगिता का आयोजन : 5 व 6 नवंबर

प्रखंड स्तर पर प्रतियोगिता का आयोजन : 10 व 11 नवंबर

जिला स्तर पर प्रतियोगिता का आयोजन : 17 व 19 नवंबर

राज्य स्तर पर प्रतियोगिता का आयोजन : 13 से 15 दिसंबर

अंतरराष्ट्रीय एथलीट फ्लोरेंस व आशा किरण बारला इसी तरह की प्रतियोगिता की देन

अंतरराष्ट्रीय एथलीट फ्लोरेंस व आशा किरण बारला इसी प्रतियोगिता के दौरान अपनी पहचान बनाने में कामयाब हुईं। इसके बाद डे बोर्डिंग सेंटर, JSSPS से होते हुए वे अभी भाटिया एथलेटिक्स अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। इस दौरान दोनों बहनों ने राज्य व देश का नाम पोडियम पर खड़े होकर रौशन किया है।

प्रतिभावान खिलाड़ी सरकार के खेल प्रशिक्षण केंद्रों तक पहुंचें

“खेलो झारखंड – Kick for Jharkhand” प्रतियोगिता के आयोजन के दौरान जो खेल प्रतिभाएं उभर कर सामने आएं, वे प्रतिभाएं असमय कुंद होने की बजाय सरकार के प्रशिक्षण केंद्रों तक भी पहुंचे। ये झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद और खेल निदेशालय दोनों को मिलकर सुनिश्चित करना होगा।