बेहतर इलाज के लिए नेशनल शूटर विभूति प्रसाद को किया गया एअरलिफ्ट, गंभीर रूप से सड़क दुर्घटना में हुए थे घायल

| रांची
टीम sportsjharkhand.com |
11 अक्टूबर की रात करीब 9:30 बजे राष्ट्रीय शूटर विभूति प्रसाद रांची के खेल गांव चौक के समीप दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दुर्घटना में उनका बांया हाथ और पैर टूट गया था और सिर में गंभीर चोट आई थी। वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। विभूति का इलाज मेडिका में चल रहा था लेकिन 10 दिन बाद गुरुवार तक विभूति को होश नहीं आ पाया। इसके बाद परिजनों, मित्रों व डॉक्टरों की सलाह पर रांची से एअरलिफ्ट कर बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले जाया गया।
बताते चलें कि विभूति प्रसाद 11 अक्टूबर की रात आसनसोल में संपन्न शूटिंग प्रतियोगिता के बाद रांची लौट रहे थे। उसी दौरान खेलगांव चौक पर उल्टी दिशा से आ रही बिहार राज्य परिवहन निगम की बस ने जोरदार टक्कर मार दी और उसके बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। लगातार उनका इलाज मेडिका में चल रहा था। स्थिति में सुधार नहीं होने के कारण उन्हें एयरलिफ्ट कर दिल्ली ले जाया गया।