JSCA में भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका वन डे : बारिश डाल सकता है मैच में खलल

| रांची
चंदन भट्टाचार्य sportsjharkhand.com |
रांची के JSCA स्टेडियम में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मैचों की एकदिवसीय सीरिज का दूसरा मैच खेला जाएगा। मैच पर बारिश का खतरा मंडरा रहा है। मौसम विभाग ने 9 अक्टूबर के लिए जो भविष्यवाणी की है उसके अनुसार दोपहर 12 बजे के बाद बारिश आने की संभावना है। बारिश के मद्देनजर JSCA प्रबंधन ने भी मुकम्मल तैयारी कर ली है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि 9 अक्टूबर को दोपहर के बाद बारिश की संभावना है।
| मैच के दिन दोपहर 12 बजे के बाद बारिश की संभावना है। बारिश को देखते हुए मैच आयोजकों को इससे जुड़ी तैयारियां कर लेनी चाहिए।
अभिषेक आनंद, मौसम वैज्ञानिक |
स्टेडियम की साफ सफाई का काम जोरों पर
मैच के लिए JSCA स्टेडियम में साफ सफाई का काम जोरों पर है। कई मजदूर सुरक्षा उपकरणों के सहारे ऊंची जगहों पर साफ सफाई में लगातार जुटे हैं। कोविड काल के दौरान ही रंग रोगन का काम किया जा चुका है। पता हो कि सीरीज का पहला एकदिवसीय मैच 6 अक्टूबर को लखनऊ में, दूसरा 9 अक्टूबर को रांची में और तीसरा मैच 11 अक्टूबर को दिल्ली में खेला जाएगा।

क्यूरेटर आशीष भौमिक पहुंच रहे हैं रांची
BCCI के चीफ क्यूरेटर कम चेयरमैन आशीष भौमिक सोमवार की शाम JSCA स्टेडियम का निरीक्षण करने के लिए रांची पहुंच रहे हैं। रांची में बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए उनका पहुंचना काफी महत्वपूर्ण है। वैसे अंतरराष्ट्रीय मैच से पहले इस तरह के दौरे रूटीन दौरे होते हैं।
सेंट्रल पिच पर खेला जाएगा मुकाबला
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच होनेवाला मैच सेंट्रल पिच यानी पिच नंबर 5 पर खेला जाएगा। JSCA के पिच क्यूरेटर एस बी सिंह ने बताया कि मौसम की आंख मिचौली को देखते हुए पिच को तैयार करने का कार्य किया जा रहा है।