वनडे मैच से पहले स्टेडियम को सजाने संवारने में जुटा JSCA, ऑस्ट्रेलिया से मंगाई गई WPC पिकेट फेंसिंग से बढ़ेगी मैदान की खूबसूरती

| रांची |

9 अक्टूबर को रांची में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच होनेवाले वनडे इंटरनेशनल से पहले JSCA स्टेडियम को सजाने संवारने का काम शुरू हो गया है। JSCA स्टेडियम में मैदान के चारों ओर Wood Plastic Composite (WPC) की स्पेशल पिकेट फेंसिंग की जा रही है। इस फेंसिंग के बाद स्टेडियम की खूबसूरती और बढ़ जाएगी। काम शुरू हो चुका है और अगले एक सप्ताह के अंदर मैदान के चारों ओर WPC पिकेट फेंसिंग का काम पूरा हो जाएगा। पता हो कि स्टेडियम में पहले से ही पिकेट फेंसिंग थी लेकिन वो लकड़ी थी और उसके मेंटेनेंस पर हर साल लाखों रुपए खर्च होते थे। WPC की पिकेट फेंसिंग में न तो दीमक का हमला होगा न ही प्रत्येक वर्ष पेंटिंग की जरूरत पड़ेगी।
लॉर्ड्स के बाद विश्व का दूसरा क्रिकेट स्टेडियम जहां WPC पिकेट फेंसिंग लगाई गई
JSCA स्टेडियम विश्व का सिर्फ दूसरा स्टेडियम है जहां WPC पिकेट फेंसिंग लगाई जा रही है। क्रिकेट का मक्का लॉर्ड्स पहला मैदान है जहां WPC की पिकेट फेंसिंग लगाई गई है। लॉर्ड्स के तर्ज पर ही JSCA में पिकेट फेंसिंग लगाई जा रही है जिसमें कुल खर्च लगभग 30 लाख रुपए का आ रहा है।
ऑस्ट्रेलिया से विशेष तौर पर मंगाई गई है WPC की पिकेट फेंसिंग
JSCA स्टेडियम में जो फेंसिंग लगाई जा रही है वो ऑस्ट्रेलिया से विशेष तौर पर मंगाई गई है। दिवंगत अमिताभ चौधरी की ही सलाह पर JSCA ने WPC पिकेट फेंसिंग लगाए जाने का निर्णय लिया गया था।