खेल मंत्री के निर्देश पर एशियन महिला हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी में बरती गई प्रशासनिक व वित्तीय अनियमितता की जांच के लिए 4 सदस्यीय समिति गठित

खेल मंत्री के निर्देश पर एशियन महिला हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी में बरती गई प्रशासनिक व वित्तीय अनियमितता की जांच के लिए 4 सदस्यीय समिति गठित
रांची

टीम sportsjharkhand.com

27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक रांची में आयोजित एशियन महिला हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2023 के आयोजन के दौरान बरती गई प्रशासनिक व वित्तीय अनियमितता की जांच के लिए पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग ने 4 सदस्यीय जांच कमिटी का गठन किया है। 13 जून को एक लिखित शिकायत मिलने और समाचार पत्रों में खबर छपने के बाद पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री हफीजुल हसन के निर्देश पर विभागीय सचिव मनोज कुमार ने 14 जून को जांच कमिटी का गठन किया है। जांच समिति आयोजन से जुड़ी समस्त संचिकाओं/अभिलेखों/विपत्रों/किए गए भुगतानों की गहनता से समीक्षा करेगी। समीक्षा के बाद सभी तथ्यों को समाहित करते हुए अपने मंतव्य सहित एक पत्र के साथ समीक्षा प्रतिवेदन विभागीय सचिव को समर्पित करेगी।

 

संयुक्त सचिव अरुण कुमार की अध्यक्षता में गठित हुई 4 सदस्यीय कमिटी

पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के संयुक्त सचिव अरुण कुमार की अध्यक्षता में गठित कमिटी में विभाग के उपसचिव विमलानंद मिश्रा, अवर सचिव राजेश कुमार व प्रशाखा पदाधिकारी तसनीम जेया शामिल हैं। समिति को एक पक्ष के अंदर अपनी रिपोर्ट समर्पित करने का निर्देश दिया गया है।

 

जांच समिति को सभी दस्तावेज उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें खेल निदेशक

विभागीय सचिव ने खेल निदेशक को आयोजन से जुड़ी समस्त संचिकाओं/अभिलेखों/विपत्रों/किए गए भुगतानों की प्रति जांच समिति को उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया है।