खेल संघों के पदाधिकारी अब प्रशिक्षकों का हक मारने में जुटे, मिथ्या शपथ पत्र के माध्यम से कैश अवॉर्ड के लिए भर रहे आवेदन

खेल संघों के पदाधिकारी अब प्रशिक्षकों का हक मारने में जुटे, मिथ्या शपथ पत्र के माध्यम से कैश अवॉर्ड के लिए भर रहे आवेदन
रांची

टीम sportsjharkhand.com 

झारखंड में खेल से खिलवाड़ की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए खेल संघों के पदाधिकारी अब प्रशिक्षकों का हक मारने में जुट गए हैं। आलम ये है कि “फीता नापने” की ट्रेनिंग लेनेवाला पदाधिकारी जिला खेल पदाधिकारी (DSO) के साथ साजिश रचकर “द्रोणाचार्य” बनने के लालच में फर्जी शपथ पत्र दायर कर कैश अवॉर्ड हड़पना चाहता है। यही नहीं ट्रेनिंग उस जगह पर दी जा रही है जहां खेलने का मैदान तक नहीं। ये “फर्जी द्रोणाचार्य” कम से कम तीन खेल संघों में ऑफिस बियरेर हैं। इसी जिले की एक महिला को भी “द्रोणाचार्य” बन सरकारी फंड से “गुरु दक्षिणा” लेने की तीव्र लालसा जाग उठी। DSO ने कहा, मैं हूं ना और फर्जी शपथ पत्र दायर कर उक्त महिला 7 वर्ष पुरानी “द्रोणाचार्य” बन गई।

यही नहीं मिशन ओलंपिक गोल्ड वाली संस्था के एक झंडाबरदार ने भी स्वयं को प्रशिक्षक घोषित कर कैश अवॉर्ड के लिए दावा ठोक दिया है। संस्था के कोच पर लाखों रुपए खर्च किए जा रहे हैं लेकिन “कोयले के भंडार में हीरे मिलने की लालसा” में झंडाबरदार ने एक आवेदन ठेल दिया है। लॉटरी लग गई तो एकाध दिन की “हंड़िया पार्टी” का जुगाड़ बैठ जाएगा। पता हो कि खेल निदेशालय प्रतिवर्ष देश विदेश में राज्य का नाम रौशन करनेवाले खिलाड़ियों और उनके प्रशिक्षकों को कैश अवॉर्ड देकर प्रोत्साहित करता है।

खिलाड़ी प्रशिक्षक बन कैश अवॉर्ड के लिए कर रहे आवेदन

खरबूजा को देखकर खरबूजा रंग बदलता है। खेल संघों के गुरु घंटालों से प्रभावित हो खिलाड़ी भी अब गुरु घंटाल बनने की राह पर चल पड़े हैं। कुछ माह पहले तक सेंटर फॉर एक्सीलेंस के प्रशिक्षु रहे एक खिलाड़ी ने प्रशिक्षक बन कैश अवॉर्ड के लिए फॉर्म भर दिया।

 

राष्ट्रीय खेलों में पहली बार सामने आए थे “गुरु घंटाल”

2011 में 34वें राष्ट्रीय खेलों के नाम पर सबसे पहले सरकारी संकल्प को धता बताते हुए लगभग एक दर्जन गुरु घंटालों ने सरकारी कोष को लाखों रुपए की चोट पहुंचाई थी। गुरु घंटालों को कई नोटिस जारी हुआ लेकिन खेल निदेशकों ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। फलस्वरूप गुरु घंटालों का मनोबल टूटने की बजाय बढ़ता ही जा रहा है।

 

JOA ने लिखा पत्र

JOA ने खेल निदेशक को पत्र लिखकर मिथ्या दस्तावेजों के आधार पर प्रशिक्षक को मिलनेवाले कैश अवॉर्ड पर रोक लगाने की मांग की है। इसके बाद वस्तुस्थिति को समझने के लिए खेल निदेशक की अध्यक्षता में मंगलवार को बैठक हुई। इस विषय पर अगली बैठक 7 अक्टूबर को होनी है।

JOA का पत्र