झारखंड पुलिस में अंतरराष्ट्रीय/राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतनेवाले खिलाड़ियों की आउट ऑफ टर्न प्रोन्नति बंद, DGP कार्यालय ने प्रमोशन की बजाय एक अतिरिक्त वेतन वृद्धि देने का दिया निर्देश

झारखंड पुलिस में अंतरराष्ट्रीय/राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतनेवाले खिलाड़ियों की आउट ऑफ टर्न प्रोन्नति बंद, DGP कार्यालय ने प्रमोशन की बजाय एक अतिरिक्त वेतन वृद्धि देने का दिया निर्देश
रांची

टीम sportsjharkhand.com 

सरकारी व्यवस्थाओं पर लालफीताशाही किस कदर हावी है, ये देखना हो तो झारखंड चले आइए। आउट ऑफ टर्न प्रमोशन की बदौलत जहां एक ओर दो-दो महिला खिलाड़ी सरोजनी लकड़ा व एमेल्डा एक्का आरक्षी से IPS बन गईं हैं (बुधवार को अधिसूचना जारी होने की खबर है) वहीं दूसरी ओर वर्तमान में अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतनेवाले दर्जनों खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न प्रमोशन से वंचित किया जा रहा है। पिछले वर्ष कॉमनवेल्थ खेलों व राष्ट्रीय खेलों में पदक जीतनेवाले लगभग एक दर्जन खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न प्रमोशन देने की प्रक्रिया शुरू हुई। फाइल एकीकृत बिहार सरकार के समय जारी पुलिस आदेश संख्या 219A/1990 के आलोक में बढाई गई थी लेकिन DGP कार्यालय से 17 जुलाई को सभी IG, SSP, SP व समादेष्टा को पत्र लिखा गया और निर्देशित किया गया कि

खेल नीति 2022 के प्रावधान 7.4.1 (vi) के तहत “राज्य सरकार द्वारा अंतरराष्ट्रीय/राष्ट्रीय/झारखंड ओलंपिक संघ से मान्यताप्राप्त खेल विधाओं में अंतरराष्ट्रीय/राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले सरकारी कर्मी को एक अतिरिक्त वार्षिक वेतन वृद्धि का लाभ देकर प्रोत्साहित किया जाएगा।”

पत्र में ये भी साफ किया गया है कि खेल नीति 2022 लागू होने के बाद एकीकृत बिहार के समय लागू पुलिस आदेश संख्या 219A/1990 के आलोक में प्रोन्नति प्रदान करने का कोई औचित्य नहीं रह जाता है।

…फिर अब तक कैसे मिलती रही प्रोन्नति ?

जिन खिलाड़ियों का नाम आउट ऑफ टर्न प्रमोशन के लिए भेजा गया था उनमें सुनील बहादुर का नाम भी शामिल है। पता हो कि लगभग 10 वर्ष पहले सुनील को बिहार सरकार के पुलिस आदेश संख्या 219A/1990 के आलोक में आउट ऑफ टर्न प्रमोशन एक बार मिल चुका है। फिर अब सुनील बहादुर व अन्य खिलाड़ियों को क्यों नहीं दिया जा रहा है आउट ऑफ टर्न प्रमोशन ? जवाब DGP कार्यालय ही दे सकता है। पता हो कि कुछ वर्ष पहले तक कई खिलाड़ियों को पुलिस विभाग के आलाधिकारियों द्वारा पिक एंड चूज के आधार पर आउट ऑफ टर्न प्रोन्नति दी जाती रही है और कई खिलाड़ी इससे वंचित भी किए जाते रहे हैं। क्योंकि उनकी पहुंच नहीं होती। इससे नाराज कई पुलिसकर्मियों ने नौकरी छोड़ना उचित समझा।

 

खिलाड़ियों का मनोबल पर पड़ेगा प्रतिकूल प्रभाव

DGP कार्यालय से जारी आदेश का प्रतिकूल प्रभाव वैसे पुलिसकर्मियों पर पड़ेगा जो खेल कोटे से नियुक्त होकर आए हैं या जो पुलिस में रहते हुए खेल में अपना परचम लहरा रहे हैं।  मुख्यालय में बैठे आलाधिकारी जब पदक विजेताओं को डंडा पकड़ाकर बीवीआईपी ड्यूटी के बहाने ट्रैफिक कंट्रोल करवाते हों, कुत्ते नहलवाते हों, साइकिल बनवाते हों तो वैसे अधिकारियों से आउट ऑफ टर्न प्रमोशन मिलने की बात तो बेमानी ही लगती है।