टोक्यो ओलंपिक के लिए भारतीय पुरूष हाॅकी टीम घोषित, झारखंड के हिस्से 33 वर्षों का सूखा बरकरार

टोक्यो ओलंपिक के लिए भारतीय पुरूष हाॅकी टीम घोषित, झारखंड के हिस्से 33 वर्षों का सूखा बरकरार
रांची

sportsjharkhand.com टीम

 

टोक्यो ओलंपिक के लिए भारतीय पुरूष हाॅकी टीम की घोषणा शुक्रवार को हो गयी। हाॅकी इंडिया द्वारा घोषित 16 सदस्यीय टीम में झारखंड का प्रतिनिधित्व शून्य से आगे नहीं बढ़ पाया। दुःखद है किंतु सत्य है कि हम (प्रशासक, खिलाड़ी, सरकार व प्रेस) पिछले 33 वर्षों से झारखंड पुरूष हाॅकी में व्याप्त शून्यता को महिला हाॅकी की गौरवमयी उपलब्धियों से ढकने का असफल प्रयास करते आ रहे हैं। संभवतः यही सबसे बड़ा कारण है कि पुरूष हाॅकी में झारखंड की उपस्थिति यदा-कदा को छोड़कर शून्यता को चीरकर बाहर नहीं आ पा रही। आश्चर्य की बात है कि हाॅकी की ये हालात उस राज्य में है जिसके मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा के नेतृत्व में ही 1928 के एम्सटर्डम ओलंपिक में पहली बार भारत ने स्वर्ण पदक जीता था। स्वर्णिम अतीत का इतना विभत्स वर्तमान हमें दिखाई क्यों नहीं देता ? पता हो कि 1988 के सियोल ओलंपिक में गुमला के रहनेवाले अजित लकड़ा झारखंड के आखिरी पुरूष खिलाड़ी थे जिन्होंने ओलंपिक में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया था। ओलंपिक में पुरूषों की हाॅकी 1928 से खेली जा रही है जबकि महिला हाॅकी 1980 से। 

 

ओलंपिक में प्रतिनिधित्व करनेवाले झारखंड के पुरूष हाॅकी खिलाड़ी

 

1928 एम्सटर्डम : जयपाल सिंह मुंडा

1972 म्यूनिख : माइकल किंडो

(माइकल का जन्म सिमडेगा में हुआ था लेकिन उन्होंने बिहार का प्रतिनिधित्व नहीं किये)

1980 माॅस्को : सिल्वानुस डुंगडुंग

1984 लाॅस एंजेल्स : मनोहर टोप्नो

1988 सियोल : अजित लकड़ा

(अजित का जन्म गुमला में हुआ था लेकिन उन्होंने बिहार का प्रतिनिधित्व नहीं किया, अभी पुणे में रह रहे हैं)

 

झारखंड की पुरूष हाॅकी जब शीर्ष पर थी… तो महिला हाॅकी की नर्सरी पनप रही थी

ये सच्चाई है कि 1980 के दशक में जब सिल्वानुस डुंगडुंग, मनोहर टोप्नो व अजित लकड़ा जैसे खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने प्रदर्शन का लोहा मनवा रहे थे ठीक उसी वक्त झारखंड तत्कालीन बिहार में महिला हाॅकी की नर्सरी पनपनी शुरू हुई थी। महिला हाॅकी की नर्सरी को पनपने के लिए सरकार ने बरियातू में दो व मोरहाबादी में साई सैग जैसे उर्वरक सेंटर खोल दिए और देखते ही देखते आधी भारतीय टीम झारखंड के खिलाड़ियों की होने लगी। जब अलग राज्य का निर्माण हुआ उस वक्त भी 5-6 खिलाड़ी नियमित रूप से भारतीय टीम का हिस्सा रहीं। लेकिन कालांतर में ये प्रतिनिधित्व घटते-घटते 1-2 पर जा सिमटा। आज भी हम महिला हाॅकी में भारतीय टीम में प्रतिनिधित्व 1-2 से 2-3 के आंकड़े तक ही पहुंच पाए हैं। लेकिन इसी दौरान पुरूष हाॅकी विमल लाकड़ा व वीरेन्द्र लाकड़ा जैसे अपवादों को छोड़कर लगभग जमींदोज हो गई।

 

जिम्मेवार कौन ?

समाचार का आकार व परोसे गए चित्रों से ज्ञानोपार्जन हुआ कि महिला हाॅकी की स्वर्णीम सफलता के लिए हाॅकी झारखंड के प्रशासक ही बधाई के पात्र हैं। निक्की व सलीमा के कोच, सरकार के संसाधन, हाॅकी इंडिया व परिजनों का योगदान उतना नहीं जितना योगदान हाॅकी झारखंड का है। मान ली आपकी बात तो झारखंड में पुरूष हाॅकी की दुदर्शा के लिए जिम्मेवार कौन है ? हाॅकी झारखंड के प्रशासक या झारखंड सरकार या टीपी सिन्हा या रामेश्वर उरांव या पत्रकार ? कोई तो जिम्मेवार होगा ? जिम्मेवार लोगों के उपर भी कुछ खबरें शनिवार को दिखें, स्याही नहीं सूखनी चाहिए, ऐसा विनम्र आग्रह है। निजी संबंधों को खबरों के माध्यम से प्रगाढ़ करने की परंपरा तो काफी पुरानी है, निभाते रहिए लेकिन क्षण भर के लिए ही सही मंथन जरूर करिएगा कि इन निजी संबंधों की प्रगाढ़ता का कितना नुकसान पिछले दो दशकों में पुरूष हाॅकी को ढ़ोना पड़ा है।

 

 

 

“झारखंड में लड़कों के बीच हाॅकी खेलने का जुनून खत्म हो रहा है। प्रतियोगिताएं भी लगातार कम होती जा रही हैं जिससे खिलाड़ियों को एक्सपोजर नहीं मिल पा रहा। पहले कर्जन कप और इतने इन्वीटेशनल टूर्नामेंट होते थे कि अंगुली ही कम पड़ जाती थी, हम सालों भर घुम-घुम कर खेलते रहते थे। अब तो ऐसे टूर्नामेंट की गिनती में अंगुली ही ज्यादा पड़ जाती है।”

मनोहर टोप्नो, पूर्व हाॅकी ओलंपियन

TEAM INDIA FOR TOKYO OLYMPICS ⇓

Goalkeeper: PR Sreejesh (Captain)

Defenders: Harmanpreet Singh, Rupinder Pal Singh, Surender Singh, Amit Rohidas, Birendra Lakra.

Midfielders: Hardik Singh, Manpreet Singh, Vivek Sagar Prasad, Nilakanta Sharma, Sumit.

Forwards: Shamsher Singh, Dilpreet Singh, Gurjant Singh, Lalit Kumar Upadhyay, Mandeep Singh