ना खिलाड़ी, ना ही कोई प्रशिक्षण केंद्र फिर भी हजारीबाग में DMFT फंड से बैडमिंटन प्रशिक्षक नियुक्त करने की तैयारी, जिले के अधिकारियों की करेगा तीमारदारी

| रांची/हजारीबाग |
हजारीबाग में खेल के उत्थान के नाम पर उल्टी गंगा बहाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। जिले में जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT) द्वारा बैडमिंटन का एक NIS कोच नियुक्त करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है लेकिन कोच प्रशिक्षण किसे देगा इस बात का कोई अता पता ही नहीं है। जिले में सरकार द्वारा संचालित ना तो कोई बैडमिंटन प्रशिक्षण केंद्र है ना ही किसी प्रशिक्षण केंद्र के शुरू किए जाने का प्रस्ताव है, इसके बावजूद कोच की नियुक्ति की जा रही है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या जिले के अधिकारियों को प्रशिक्षित करने के लिए बैडमिंटन कोच की नियुक्ति की जा रही है ? दरअसल सभी जिलों की तरह हजारीबाग के इंडोर स्टेडियम का सदुपयोग या दुरुपयोग जिले में पदस्थापित अधिकारी ही करते आ रहे हैं। अब प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों के लिए एक NIS कोच “सेवक” के रूप में मौजूद रहेगा तो खेलने का मजा दोगुना हो जाएगा।

15 जून को बैडमिंटन कोच का वॉक इन इंटरव्यू
15 फरवरी 2024 को DMFT की न्यास परिषद की बैठक में एक NIS बैडमिंटन कोच रखने का निर्णय लिया गया था। इसी निर्णय के आलोक में 15 जून को समाहरणालय में बैडमिंटन कोच का वॉक इन इंटरव्यू लिया जाएगा। कोच की नियुक्ति कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर 3 वर्ष के लिए होगी और उसे 60,400 रुपए दिया प्रतिमाह का मानदेय मिलेगा। NIS प्रशिक्षित 22 साल से 50 साल तक के “युवा” जिनके पास कम से कम 3 साल का अनुभव हो वे इंटरव्यू में शामिल हो सकते हैं। 8 जून को पत्रांक 170 के द्वारा ये सूचना प्रकाशित की गई है।
| “ये बात सही है कि जिले में कोई प्रशिक्षण केंद्र नहीं है। पहले कोच की नियुक्ति की जा रही है। नियुक्ति बाद एक डे बोर्डिंग या आवासीय प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने का प्रस्ताव बढ़ाया जाएगा”
कैलाश राम, जिला खेल पदाधिकारी |