धनबाद में राष्ट्रीय स्तरीय क्रिकेट मैदान बनाने के लिए कांको हिल स्कूल व JSCA के बीच MoU

धनबाद में राष्ट्रीय स्तरीय क्रिकेट मैदान बनाने के लिए कांको हिल स्कूल व JSCA के बीच MoU
रांची

टीम sportsjharkhand.com 

धनबाद के कांको हिल स्कूल के मैदान को विकसित करने के लिए शुक्रवार को झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) और सत्यदेव सिंह क्रिकेट अकादमी के बीच MoU पर हस्ताक्षर किए गए। MoU पर JSCA के सचिव देवाशीष चक्रवर्ती और अकादमी की ओर से उनके अध्यक्ष सह कांको हिल स्कूल के निदेशक राजीव रंजन सिंह ने हस्ताक्षर किए। रांची स्थित JSCA स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में JSCA अध्यक्ष संजय सहाय, संयुक्त सचिव पीएन सिंह, सीईओ एके सिंह, धनबाद क्रिकेट संघ (डीसीए) के अध्यक्ष मनोज कुमार व महासचिव उत्तम विश्वास समेत JSCA और धनबाद जिला क्रिकेट संघ के कई पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित थे।

 

पहले फेज में मैदान और विकेट बनाए जाएंगे

MoU की शर्तों के अनुसार पहले फेज में मैदान तैयार करने के साथ ही यहां पांच मुख्य विकेट और दो अभ्यास के विकेट बनाए जाएंगे। दूसरे फेज में ड्रेसिंग रूम बनाने की योजना है। करीब एक साल पहले से बातचीत का दौर चलने के बाद MoU संपन्न हो पाया।

 

“धनबाद में स्तरीय मैदान के बन जाने से यहां के क्रिकेटर लाभान्वित होंगे और भविष्य में BCCI के घरेलू मैचों का आयोजन किया जा सकेगा”

संजय सहाय, अध्यक्ष JSCA