उचित इलाज के अभाव में 13 वर्षीय फुटबॉल खिलाड़ी मोनिका होरो की डेंगू से मौत, खूंटी में रूट्स फाउंडेशन द्वारा संचालित प्रशिक्षण केंद्र की प्रशिक्षु थी मोनिका, प्रशिक्षण केंद्र की अव्यवस्था पर उठने लगे सवाल

| रांची/खूंटी |
पिछले कई दिनों से डेंगू से पीड़ित 13 वर्षीय फुटबॉल खिलाड़ी मोनिका हाेरो की मौत रविवार को अहले सुबह RIMS में हो गई। इससे पहले मोनिका को शनिवार की सुबह खूंटी के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मोनिका खूंटी जिला प्रशासन और रूट्स फाउंडेशन के सहयोग से चलाए जा रहे फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र की प्रशिक्षु थी और तबियत ज्यादा खराब होने के बाद उसे RIMS लाया गया था। जिला योजना पदाधिकारी कुंदन कुमार की माने तो मोनिका पिछले कई दिनों से डेंगू से पीड़ित थी और उसका इलाज खूंटी के सदर अस्पताल में ही चल रहा था। शनिवार-रविवार की देर रात तबियत ज्यादा बिगड़ने पर मोनिका को RIMS लाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। मोनिका की तबियत पिछले एक पखवाड़े से काफी खराब थी लेकिन इलाज में कोताही बरती गई जिसके कारण एक खिलाड़ी का करियर बनने से पहले ही खत्म हो गया। हॉस्टल में मोनिका के साथ रह रही बच्चियों ने वार्डन व अन्य लोगों को कई बार सूचित किया कि मोनिका की तबियत ठीक नहीं है और शरीर भी काफी गर्म है लेकिन किसी ने नहीं सुनी और सदर अस्पताल में ही इलाज चलता रहा। जानकारी मिली है कि बीमारी के दौरान मोनिका का प्रशिक्षण भी जारी था, जिसने आग में घी का काम किया। शनिवार को वार्डन ने मोनिका के परिजनों को सूचित करने का प्रयास किया लेकिन संपर्क नहीं हो पाया तो तोरपा के एक शिक्षक के जरिए परिजनों को सूचित किया गया।
इसी वर्ष शुरू हुआ था उत्कर्ष सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर स्पोर्ट्स सेंटर
जिला प्रशासन खूंटी और रूट्स फाउंडेशन के सहयोग से प्रोजेक्ट उत्कर्ष सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर स्पोर्ट्स सेंटर के तहत फुटबॉल, हॉकी व एथलेटिक्स का प्रशिक्षण प्रारंभ किया गया था, जिसमें लगभग 100 बच्चे प्रशिक्षणरत हैं। सभी का चयन ओपन ट्रॉयल के बाद हुआ है।
एक ही बिल्डिंग में है बालक व बालिका छात्रावास
सभी मानकों को परे रखते हुए रूट्स फाउंडेशन द्वारा संचालित तीनों प्रशिक्षण केंद्रों में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे बालक व बालिकाओं के छात्रावास एक ही बिल्डिंग परिसर में है। पहले तल्ले पर बालिका और ग्राउंड फ्लोर पर बालकों का छात्रावास है, जो तय मानकों के आधार पर सही नहीं है। इसके अलावा उपायुक्त कार्यालय में पदस्थापित एक कर्मचारी की शह पर प्रशिक्षुओं को तय मानकों के अनुसार भोजन भी उपलब्ध नहीं कराया जाता है। खिलाड़ियों को पौष्टिक आहार दिया जाना है लेकिन कट मनी के चक्कर में खिलाड़ियों की थाली से पौष्टिक आहार गायब हैं।
अभिभावकों से कंसेंट फॉर्म पर हस्ताक्षर ले रूट्स फाउंडेशन सभी जवाबदेहियों से हो चुका है मुक्त
प्रशिक्षण केंद्र में बच्चों को लाने के पहले ही रूट्स फाउंडेशन ने अभिभावकों से एक कंसेंट फॉर्म पर हस्ताक्षर करा लिया था। इसके अनुसार पहले और तीसरे क्लॉज में दर्ज है
1. In case of emergency, I authorize Roots Foundation to seek medical treatment, and I will be responsible for the expenses.
3. Roots Foundation will strive to provide immediate medical attention in case of injury,
but cannot be held liable.
मतलब रूट्स फाउंडेशन ना तो खिलाड़ियों के इलाज में पैसे लगाएगा और ना ही उसे इलाज कराने के लिए दोषी ठहराया जाएगा।
| क्या कहते हैं जिम्मेवार
“बच्ची की मौत डेंगू से होने की जानकारी मिली है। उसका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा था। हम तो फंडिंग एजेंसी हैं, इससे ज्यादा बताने की स्थिति में नहीं हैं” कुंदन कुमार, जिला योजना पदाधिकारी, खूंटी
रूट्स फाउंडेशन के एरिया प्रोजेक्ट मैनेजर अनिरुद्ध ने ना तो फोन उठाया ना ही व्हाट्सएप पर जवाब दिया |