देवधर ट्रॉफी में पूर्वी क्षेत्र बना उपविजेता, झारखंड के कुमार कुशाग्र चमके जबकि कप्तान सौरभ तिवारी रहे फ्लॉप

| रांची |
24 जुलाई से 3 अगस्त तक पुडुचेरी में खेली गई देवधर ट्रॉफी में सौरभ तिवारी की कप्तानी में पूर्वी क्षेत्र की टीम उपविजेता बनी। गुरुवार को फाइनल मुकाबले में कुमार कुशाग्र के विपरीत परिस्थितियों में बनाए गए 68 रन के बावजूद पूर्वी क्षेत्र की टीम को दक्षिण क्षेत्र के खिलाफ 45 रन से पराजय झेलनी पड़ी। पता हो कि प्रतियोगिता में पूर्वी क्षेत्र की टीम लीग मैच में भी दक्षिण क्षेत्र से हार गई थी, जबकि अन्य चारों मैच आसानी से जीत गई थी। पूर्वी क्षेत्र की ओर से असम के रियान पराग ने शानदार आलराउंड प्रदर्शन किया और 88.50 की औसत से सर्वाधिक 354 रन बनाए और 11 विकेट भी झटके और विश्वकप के लिए अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।
देवधर ट्रॉफी में झारखंड के क्रिकेटरों का प्रदर्शन
पूर्वी क्षेत्र की टीम में झारखंड के चार क्रिकेटरों कप्तान सौरभ तिवारी, कुमार कुशाग्र, उत्कर्ष सिंह और विराट सिंह शामिल थे। प्रदर्शन को आधार माना जाए थे कुमार कुशाग्र ने शानदार प्रदर्शन किया जबकि उत्कर्ष सिंह व विराट सिंह का प्रदर्शन औसत रहा और कप्तान सौरभ तिवारी फिसड्डी साबित हुए। कुमार कुशाग्र ने 56.75 की औसत से 208 गेंदों पर 227 रन बनाए और पूर्वी क्षेत्र की ओर से रियान पराग के बाद दूसरे नंबर पर रहे। कुशाग्र ने विकेट के पीछे 9 कैच भी लपके। उत्कर्ष सिंह ने 36.60 की औसत से 246 गेंदों पर 183 रन, विराट सिंह ने 25.60 की औसत से 151 गेंदों पर 128 रन और सौरभ तिवारी ने 15.60 की औसत से 143 गेंदों पर मात्र 78 रन बनाए। सौरभ प्रतियोगिता में सबसे सफल क्षेत्ररक्षक रहे और उन्होंने 7 कैच लपके।
BCCI ने भारत की चार विभिन्न टीमें घोषित की लेकिन झारखंड से सिर्फ एक क्रिकेटर शामिल
हाल के दिनों में BCCI ने वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट और वनडे T 20 के लिए अलग अलग, आयरलैंड के खिलाफ सीरीज के लिए अलग टीम और एशियाई खेलों के लिए अलग टीम घोषित की है। इन चार टीमों में झारखंड का सिर्फ एक खिलाड़ी ईशान किशन शामिल है। कोई और क्रिकेटर भारतीय चयनकर्ताओं की नजर में क्यों नहीं आ पा रहे हैं ? इस विषय पर झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) के प्रशासकों को आपसी विवाद और स्वार्थ को भूल क्रिकेट और क्रिकेटरों के हित में कुछ सार्थक कदम उठाने होंगे।