CCC में रेनोवेशन के बढ़े बजट को लेकर अध्यक्ष राजेश वर्मा बॉबी और Joint CEO किशोर चंद्रा आमने-सामने, नाराज Joint CEO ने दिया इस्तीफा

CCC में रेनोवेशन के बढ़े बजट को लेकर अध्यक्ष राजेश वर्मा बॉबी और Joint CEO किशोर चंद्रा आमने-सामने, नाराज Joint CEO ने दिया इस्तीफा
रांची

टीम sportsjharkhand.com 

झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) की सहयोगी कंपनी कंट्री क्रिकेट क्लब (CCC) के Joint CEO किशोर चंद्र ने शनिवार की देर शाम अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। व्हाट्सएप पर भेजे गए इस्तीफे को CCC अध्यक्ष राजेश वर्मा बॉबी ने मंजूर भी कर लिया। इसके बाद किशोर चंद्रा के मान मनौव्वल में CCC और JSCA के कई पदाधिकारी जुट गए हैं। सितंबर में प्रस्तावित AGM सह चुनाव से पहले CCC में इस तरह की उठापटक अच्छा संकेत नहीं दे रही है। पहले से ही CCC चुनाव को लेकर सदस्यों के चार-पांच गुट सक्रिय हैं ऐसे में Joint CEO का इस्तीफा कोढ़ में खुजली के समान हो गया है। पता हो कि राजेश वर्मा बॉबी और किशोर चंद्रा दोनों ही स्व अमिताभ चौधरी के किचन कैबिनेट के अभिन्न अंग थे लेकिन हाल में जांच एजेंसियों की दबिश और अदालती मामलों में फंसने के डर से अब दोनों आमने-सामने हो गए हैं। सूत्रों की मानें तो मान मनौव्वल सकारात्मक दिशा की ओर बढ़ रहा है और संभावना है कि किशोर चंद्रा मंगलवार को अपना इस्तीफा वापस ले सकते हैं।

 

शनिवार को एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाने के बाद बिगड़ी स्थिति

शनिवार को CCC की अनौपचारिक बैठक के दौरान रेनोवेशन कार्य के बजट में अप्रत्याशित वृद्धि को लेकर Joint CEO ने अध्यक्ष के समक्ष अपनी आपत्ति जताई और 1 करोड़ के बजट को 1.5 करोड़ रुपए किए जाने पर सवाल उठाए। Joint CEO किशोर चंद्रा ने ये भी आगाह किया की पूर्व से जो मामले जांच एजेंसियों की जद में हैं, उनसे सबक लेते हुए गलती ना दोहराई जाए। साथ ही Joint CEO ने टेंडर कमिटी या परचेज कमिटी में ठेकेदारों (जो CCC सदस्य हैं) को सदस्य के रूप में शामिल किए जाने पर भी अपना विरोध दर्ज कराया और कहा कि जब तक कोई भी ठेकेदार इस तरह की कमिटियों में रहेगा बजट बढ़ता रहेगा। ये बात CCC अध्यक्ष राजेश वर्मा को नागवार गुजरी और मामला बिगड़ गया। थोड़ी देर बाद ही Joint CEO ने अपना इस्तीफा दे दिया।