KPL के नाम पर KDCA सचिव दिनेश सिंह ने प्रायोजक से लपेटे 1 लाख रुपए नकद, संस्था की बजाय आजीवन सदस्य सोनू खान के अकाउंट में मंगवाए 95 हजार रुपए

कोडरमा में पिछले तीन साल से जिला क्रिकेट लीग का आयोजन नहीं लेकिन कट मनी के प्यार में KDCA ने पिछले 2 वर्षों में JSCA के 31 मैच आयोजित कर बटोरे 49.58 लाख रुपए
रांची/कोडरमा

टीम sportsjharkhand.com

झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) के आकाओं के इशारे पर कोडरमा जिला क्रिकेट संघ (KDCA) के सचिव दिनेश सिंह ने क्रिकेट को पैसा कमाने का धंधा बना रखा है। पिछले 3 साल से जिला क्रिकेट लीग कराने में असफल रहे दिनेश सिंह ने 2025 में कोडरमा प्रीमियर लीग (KPL) के नाम पर प्रायोजक सह कांग्रेस नेता ईश्वर आनंद को जमकर बेवकूफ बनाया। KDCA की बैठक में ईश्वर आनंद को आजीवन सदस्य बनाने की घोषणा कर KPL के लिए हामी भरवा ली गई। प्रायोजक को KPL आयोजन का कुल बजट 2.50 लाख रुपए बताया गया। जिसमें 75 हजार रुपए विजेता को और 50 हजार रुपए की पुरस्कार राशि उपविजेता टीम को दी जानी थी। नीलामी प्रक्रिया और मैच आयोजन पर लगभग 1.25 लाख रुपए खर्च किए जाने थे। सूर्या होटल में हुई नीलामी का खर्च प्रायोजक ने उठाया। इसके बाद मैच आयोजन के नाम पर दिनेश सिंह ने प्रायोजक से दो बार में एक लाख रुपए नकद लिए और आयोजन समिति के चेयरमैन सोनू खान के अकाउंट में 95 हजार रुपए जमा करवाए। इसके अलावा KPL में भाग लेनेवाली छह टीमों से इंट्री फीस के नाम पर 25-25 हजार रुपए की वसूली की गई (एक-दो टीमों ने कुछ कम रुपए दिए थे). 12 जून से राउंड रॉबिन लीग कम नॉक आउट आधार पर खेली जा रही प्रतियोगिता 17 जून के बाद हुई ही नहीं। लीग के चार मैच और नॉक आउट के 3 मैच आज तक नहीं हो पाए।

 

भव्य शुरुआत के बाद KPL टायें टायें फीस

KPL की भव्य शुरुआत हुई लेकिन मैदान से प्रायोजक के पोस्टर चोरी करवाने और अखबारों से जानबूझकर प्रायोजक की तस्वीर गायब रहने से मनमुटाव बढ़ता चला गया। प्रायोजक ने लगभग 2.5 लाख रुपए खर्च करने के बाद KDCA के ऊपर प्रतियोगिता की जिम्मेवारी छोड़ दी गई। क्रिकेटरों को आज भी प्रतियोगिता पूर्ण होने और पुरस्कार राशि मिलने का इंतजार है।

ऐसे बिछाया जाल और फांस लिए लाखों रुपए

दिनेश सिंह के इशारे पर शागिर्द कोषाध्यक्ष पिंकू सहाय ने अपनी ही पार्टी के वरीय नेता ईश्वर आनंद को कोडरमा प्रीमियर लीग आयोजित करने का प्रस्ताव दिया। युवा क्रिकेटरों को एक मंच उपलब्ध कराने के लिए ईश्वर आनंद ने प्रति वर्ष अपने पिता की स्मृति में एसएन शर्मा मेमोरियल कोडरमा प्रीमियर लीग कराने का निर्णय लिया। इसके बाद विभिन्न खर्चों का बिल भेजकर पैसों की डिमांड की जाती रही। दिनेश सिंह ने दो बार में एक लाख रुपए नकद लिए और बाद में और खर्च बता 95 हजार रुपए आजीवन सदस्य सोनू खान के अकाउंट में ट्रांसफर कराए।

 

क्या कहते हैं जिम्मेवार

 

KDCA अध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष ने पिछले तीन दिनों से किसी भी सवाल का जवाब नहीं दिया

 

प्रायोजक ईश्वर आनंद ने स्पोर्ट्सझारखंड का फोन उठाया लेकिन व्यस्तता का बहाना बनाकर फोन काट दिया। व्हाट्सएप पर सवाल देखें लेकिन जवाब नहीं दिया

 

मेरे अकाउंट में 95 हजार रुपए आए थे, जिसका सारा हिसाब मेरे पास है। प्रायोजक के कोडरमा से बाहर रहने और पैसों की बहुत जरूरत होने के कारण निजी अकाउंट में रुपए मंगवाने पड़े – सोनू खान, चेयरमैन KPL आयोजन समिति

 

KPL में ऐसे हुआ खेल

26 मई 2025 को KDCA की बैठक में ईश्वर आनंद को आजीवन सदस्य के रूप में स्वागत किया गया, बैठक में अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष समेत कई आजीवन सदस्य मौजूद रहे

2 जून को प्रेस वार्ता कर, 3 जून को 150 खिलाड़ियों के नीलामी की जानकारी साझा की गई, KDCA अध्यक्ष, सचिव के अलावा टूर्नामेंट आयोजन समिति के चेयरमैन सोनू खान भी मौजूद रहे

3 जून को होटल सूर्या में 3 बजे से नीलामी शुरू हुई, प्रत्येक टीम को 15-20 खिलाड़ियों को रखने का अवसर मिला

दिनेश सिंह के इशारे पर कुछ क्रिकेटर जानबूझकर नीलामी से बाहर रखे गए

छह टीमों में जेनी ग्लेडिएटर्स, एम एस वॉरियर्स 11, महावीर महाराजा, एक्सीलेंट किंग 11, लक्ष्मण लायंस और कोडरमा स्पोर्टिंग शामिल थे

CH हाई स्कूल में सभी मैच होने थे

12 जून से 22 जून तक KPL होना था, सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबला रात में खेले जाने की योजना थी

12 जून को उदघाटन मुकाबला जेनी ग्लेडिएटर्स vs महावीर महाराज के बीच खेला गया

17 जून तक मैच हुआ, चार लीग मैच, सेमीफाइनल व फाइनल मैच आज तक नहीं हुए