KDCA में अनियमितता के हमाम में सभी नंगे : वित्तीय अनियमितता पर सचिव गढ़ रहे झूठे तर्क, अध्यक्ष व कोषाध्यक्ष ने थामी चुप्पी

| रांची/कोडरमा |
कोडरमा जिला क्रिकेट संघ (KDCA) में व्याप्त प्रशासनिक और वित्तीय अनियमितता पर जिम्मेवार पदाधिकारियों ने या तो चुप्पी साध ली है या बरगलाने पर तुले हुए हैं। अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा और कोषाध्यक्ष मनोज उर्फ पिंकू सहाय चुप्पी साधे हुए हैं जबकि सचिव दिनेश कुमार सिंह लगातार झूठे तर्क गढ़ रहे हैं। स्पोर्ट्सझारखंड ने अध्यक्ष व कोषाध्यक्ष से 6-6 प्रश्न पूछकर उनका पक्ष जानना चाहा था। दोनों ने न कॉल उठाया, न SMS का जवाब दिया और न ही व्हाट्सएप पर जवाब देना उचित समझा। संघ के सचिव दिनेश सिंह से स्पोर्ट्सझारखंड ने कुल 21 सवाल पूछे थे। उन्होंने एकाध सवाल के जवाब में इतनी जिलेबी छान दी कि सिरका ही कम पड़ गया। सीधे तौर पर एक भी सवाल का जवाब नहीं दिया, हां चापलूसी की सारी हदें पार करते हुए इतना जरूर कहा कि
आपको सारा फाइल खोलकर एक-एक पन्ना दिखा देंगे, कोडरमा की ओर जब भी आना होगा, बताया जाएगा, कोई दिक्कत नहीं होगी – दिनेश कुमार सिंह, सचिव KDCA
ये अलग बात है कि हमारे बार बार आग्रह के बाद सचिव महोदय स्वयं फाइल का पन्ना खोलकर हमारे प्रश्नों के जवाब नहीं दे पा रहे।
दिनेश सिंह गढ़ रहे झूठे तर्क
KDCA सचिव दिनेश सिंह ने स्पोर्ट्सझारखंड के 21 सवालों का जवाब तो अब तक नहीं दिया लेकिन उन्होंने स्थानीय मीडियाकर्मियों और स्पोर्ट्सझारखंड से तीन महत्वपूर्ण विषयों पर सफेद झूठ बोला
पहला सफेद झूठ : सामान्यतः पहले JSCA का अंतर जिला मैच होता है और पैसा बाद में आता है, इसलिए बाजार से उधार लेना पड़ता है। जो भी सेल्फ और इष्ट मित्रों को भुगतान दिख रहा है, वो इसी कारण है।
कड़वा सच : सत्र 2019-20, 20-21, 21-22, 24-25 और 25-26 के दौरान अंतर जिला मैचों से पहले और मैच के दौरान ही KDCA के अकाउंट में JSCA ने लाखों रुपए ट्रांसफर किए, फिर उधार की जरूरत क्यों पड़ी ?
पाठकों को पता हो कि इसी मूल विषय से जुड़े छह प्रश्न स्पोर्ट्सझारखंड ने अध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष से पूछा था। तीनों के जवाब का अब तक इंतजार है।
दूसरा सफेद झूठ : खिलाड़ियों के विरोध के कारण पिछले तीन वर्षों से जिला लीग आयोजित नहीं हो पा रही है।
कड़वा सच : KDCA ने 2023-24 और 2024-25 में जिला लीग (रमेश प्रसाद यादव मेमोरियल सीनियर जिला क्रिकेट लीग) का आयोजन ही नहीं कराया। 2025-26 में आयोजन कराया भी तो 16 नवंबर से 29 दिसंबर के बीच प्रतियोगिता के मात्र 7 ही हुए। इसके बाद अनियमितता के खिलाफ खिलाड़ियों ने दो दिन विरोध दर्ज कराया तो विराम ऐसा लगा कि लीग के मैच दोबारा शुरू ही नहीं हो पाए।
तीसरा सफेद झूठ : जिला लीग और स्कूल लीग में भाग लेनेवाली टीमों का निबंधन शुल्क KDCA के अकाउंट में ही जमा होता है और सभी को पावती रशीद भी दी जाती है।
कड़वा सच : स्पोर्ट्सझारखंड के पास मौजूद KDCA का अकाउंट्स डिटेल्स ये बता रहा है कि जून 2018 से 20 सितंबर 2026 के बीच एक भी क्लब या स्कूल का निबंधन शुल्क KDCA के अकाउंट में जमा नहीं दिख रहा है। सभी टीमों का निबंधन शुल्क KDCA के अकाउंट की बजाय दिनेश सिंह के पॉकेट में जमा होता रहा।
——————————-
शनिवार को पढ़िए
दिनेश सिंह ने KPL के नाम पर कैसे मचाई लूट, प्रतियोगिता के नाम पर खुद कैसे लपेटे 1 लाख रुपए नकद और KDCA की बजाय किस आजीवन सदस्य के अकाउंट में मंगवाए 95 हजार रुपए
सिर्फ और सिर्फ
sportsjharkhand.com पर