हेड हम जीते… टेल तुम हारे !

| रांची |
राष्ट्रीय खेल आयोजन समिति (एनजीओसी) के कार्यकारी अध्यक्ष आरके आनंद खबर के शीर्षक को आत्मसात करने में विश्वास करते हैं। ऐसा हम नहीं कह रहे बल्कि राष्ट्रीय खेल आयोजन के दौरान उनके व्यवहार में साफ-साफ दिखता है। उदाहरणार्थ राष्ट्रीय खेल आयोजन को लिए गए ट्रांसपोर्ट के टेंडर का मामला ही देख लें। तत्कालीन मुख्यमंत्री शिबू सोरेन की अध्यक्षता में 21 नवंबर 2008 को हुई एनजीओसी एग्जीक्यूटिव बोर्ड में ट्रांसपोर्ट समेत कई सिंगल टेंडर को मंजूरी दी गई। इस बैठक में आरके आनंद की भी उपस्थिति दर्ज है और उन्होंने भी एजेंडा नंबर 7 (देखें तस्वीर) के तहत दिए गए सभी सिंगल टेंडर को हामी भरी।

जाहिर है कि आरके आनंद ने किसी के मौखिक आदेश की बजाय दस्तावेजों को देखने के बाद ही अपनी सहमति दी होगी, क्योंकि वे एक लब्धप्रतिष्ठित वकील भी हैं। यही नहीं इसी बैठक के एजेंडा नंबर 2 देखें तस्वीर के तहत खेल निदेशक को अधिकृत किया गया कि वे टेंडर कमिटी द्वारा पास और विभागीय मंत्री के अनुमोदनोपरांत पूरी अमाउंट के भुगतान के लिए स्वतंत्र हैं।

इस अधिकार के तहत ही तत्कालीन निदेशक ने ट्रांसपोर्ट के कार्य के लिए चयनित कंपनी को अग्रीम राशि का भुगतान कर दिया। कुछ दिनों बाद समाचार पत्रों में ट्रांसपोर्ट के अधिक रेट को लेकर प्रतिकूल खबरें आनी लगी और मामला अदालत की चैखट पर पहुंचने लगा तो आरके आनंद अपने पूर्व के निर्णय से पलटते हुए मुख्य सचिव को पत्र लिखकर शिकायत करने से भी नहीं चूके (देखें चित्र)।

21 नवंबर 2008 को मंजूरी देने और 23 सितंबर 2009 को मुख्य सचिव को पत्र लिखने के बीच परिस्थितियों में आए बदलाव के अनुरूप खुद को 180 डिग्री फ्लिप करने की कला सीखना आसान नहीं। अब आपको समझ में आ गया होगा कि हेड हम जीते… टेल तुम हारे का वास्तविक अर्थ क्या है।
| प्रत्येक रविवार व गुरुवार को जारी रहेगी हमारी ये विशेष श्रृंखला
अगले गुरुवार को पढ़िए कहीं पे निगाहें… कहीं पे निशाना – भाग 7 सिर्फ और सिर्फ यहीं sportsjharkhand.com पर |