एनजीओसी ने हड़बड़ी में की गड़बड़ी ! बैठक की मिनट्स जारी हुई 7 अक्टूबर को और टर्मिनेशन लेटर जारी हो गया 5 अक्टूबर को

भूलती बिसरती यादों के बीच 34वें राष्ट्रीय खेलों के आगाज़ को आज 10 वर्ष पूरे

 

रांची
टीम sportsjharkhand.com

34वें राष्ट्रीय खेल के आयोजन के लिए बनाई गई सर्वोच्च कमिटी राष्ट्रीय खेल आयोजन समिति (एनजीओसी) के एग्जीक्यूटिव बोर्ड के चार सदस्य अपनी कारगुजारियों की वजह से कृष्ण की जन्मस्थली के अवांछित दौरे के बाद से जमानत पर हैं। पांचवां जन्मस्थली के संभावित दौरे से खुद को बचाने के लिए अदालतों के चक्कर लगा रहा है और एक सदस्य इस दुनियां से रूखसत हो गए वरना उनके भी तीर्थाटन का कार्यक्रम तय ही था। दरअसल एनजीओसी की एग्जीक्यूटिव बोर्ड के ज्यादातर पदाधिकारियों ने नियमों-कायदों को तख्त पर रखते हुए मनमर्जी काम किए। इसका एक उदाहरण आप सभी के लिए

5 अक्टूबर 2009 को एनजीओसी की एग्जीक्यूटिव कमिटी की बैठक थी। बैठक हुई और कुछ विषयों को लेकर सदस्यों के बीच मतैक्यता नहीं बन पायी और इसी बैठक को 6 अक्टूबर को भी कंटीन्यू करने का निर्णय लिया गया। 6 अक्टूबर को भी बैठक हुई, कुछ निर्णय लिए गए। बैठक में लिए गए फैसलों की मिनट्स 7 अक्टूबर को जारी की गयी। लेकिन आश्चर्य की मिनट्स जारी होने से दो दिन पहले ही 5 अक्टूबर को आयोजन सचिव की हैसियत से एस एम हाशमी ने आयोजन सचिव की हैसियत से विजक्राफ्ट को एक पत्र लिखा। पत्र के तीसरा पैरा में लिखा है

The Executive Board of the 34th National Games has decided in its meeting held on 5th October to terminate the Tender of Event Management of your Company for Opening and Closing Ceremony for 34th National Games.

मतलब ये कि 5 अक्टूबर 2009 को हुई एग्जीक्यूटिव बोर्ड की बैठक में फैसला ले लिया गया है कि ओपनिंग व क्लोजिंग सेरोमनी के लिए आपका टेंडर कैंसल कर दिया जाए। जबकि मिनट्स कहता है कि 5 और 6 अक्टूबर को आयोजित एग्जीक्यूटिव बोर्ड की बैठक में ये फैसला लिया गया। जिसकी मिनट्स 7 को जारी हुई।

इतनी जल्दबाजी क्यों थे एस एम हाशमी ?

दरअसल विजक्राफ्ट का टेंडर कैंसिल किए बगैर उसके द्वारा जमा की गई अर्नेस्ट मनी को जब्त करते हुए 23 सितंबर को ओपनिंग व क्लोजिंग सेरोमनी के लिए एक और टेंडर निकाल दिया गया। 5 अक्टूबर नया टेंडर खुलना था लेकिन उसे 6 अक्टूबर तक टाल दिया गया। इसलिए एग्जीक्यूटिव बोर्ड की बैठक समाप्त होने के पहले ही हाशमी ने विजक्राफ्ट को टर्मिनेशन लेटर जारी कर दिया। टर्मिनेशन लेटर जारी करने के बाद 6 अक्टूबर को येन-केन-प्रकारेण सिनेयुग को टेंडर एलाॅट किया गया और 7 अक्टूबर को बैठक की मिनट्स जारी की गयी।

नोट : 23 जुलाई से टोक्यो ओलंपिक का आगाज होने जा रहा है इसलिए राष्ट्रीय खेल घोटाले पर हमारी विशेष सीरीज कहीं पे निगाहें… कहीं पे निशाना को अल्प विराम दिया जा रहा है। ओलंपिक के बाद प्रत्येक रविवार व गुरुवार को जारी रहेगी हमारी ये विशेष श्रृंखला।