करोड़ो रुपए खर्च करने के बाद भी बदहाल मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स

| चंदन भट्टाचार्य, रांची sportsjharkhand.com |
235 एकड़ में फैले ‘स्टेट ऑफ आर्ट’ रांची के होटवार स्थित अंतरराष्ट्रीय स्तर का मेगा स्पोर्ट्स कंपलेक्स बदहाली का रोना रोने को मजबूर है। कई बार खबरों के माध्यम से खेल विभाग को भी अवगत कराया गया लेकिन इस दिशा में कोई सार्थक पहल होती हुई नहीं दिख रही। दिन प्रतिदिन स्टेडियमों की स्थिति मेंटेनेंस व रिपेयरिंग के अभाव में बद से बदतर होती जा रही है। सालाना लगभग 10 करोड़ रुपये इसके मेंटेनेंस व रिपेयरिंग के नाम पर खर्च हो रहे हैं। 2015 से मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के संचालन का जिम्मा झारखंड स्टेट स्पोर्ट्स प्रमोशन सोसाइटी (JSSPS) के जिम्मे है, जो झारखंड सरकार और CCL का एक ज्वाइंट वेंचर है। इस संस्था का निर्माण ही स्टेडियमों के उचित रख रखाव के मूल मकसद के साथ किया गया था, इसके बावजूद स्टेडियम अपने हालत पर रोने को मजबूर हैं।

2015 से अब तक लगभग 100 करोड़ रुपए रिपेयरिंग व मेंटेनेंस पर हो चुके हैं खर्च
JSSPS द्वारा जिम्मा संभालने के तुरंत बाद CCL ने अपने CSR फंड से 25 करोड़ रुपए की लागत से कुछ स्टेडियमों का रिपेयरिंग व रिनोवेशन करवाया था। जिसमें मुख्य एथलेटिक्स स्टेडियम, टाना भगत इंडोर स्टेडियम व VVIP गेस्ट हाउस मुख्य रूप से शामिल थे। अन्य स्टेडियमों में सिर्फ डेटिंग पेंटिंग का कार्य किया गया था। इसके बाद प्रति वर्ष लगभग 10 करोड़ रुपए खर्च हो रहे लेकिन स्टेडियम स्टेडियमों की दशा सुधरने की बजाय और बिगड़ती ही जा रही है।
2011 में राष्ट्रीय खेल आयोजन के लिए हुआ था निर्माण
बताते चलें कि 600 करोड़ रुपए की लागत से राजधानी रांची के होटवार क्षेत्र में इस कॉन्प्लेक्स को तैयार किया गया था। अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस कंपलेक्स में 9 इंटरनेशनल स्तर के बेहतरीन स्टेडियम बनाए गए थे। 2005-06 में मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण शुरू किया गया था। इसे तैयार करने में लगभग 4 साल लग गए थे। 9 स्टेडियम के अलावा एडमिनिस्ट्रेटिव बिल्डिंग, हॉस्टल व VVIP गेस्ट हाउस का निर्माण भी कराया गया था।
sportsjharkhand.com आपको रोजाना खस्ताहाल एक स्टेडियम की वास्तविक स्थिति से कराएगा अवगत
कहीं खंडहर न बन जाएं, ये धरोहर सीरीज के तहत sportsjharkhand.com शुक्रवार से रोजाना आपको कॉम्प्लेक्स के एक स्टेडियम की वास्तविक स्थिति से अवगत कराएगा और बताएगा कि इस स्थिति तक पहुंचाने में सरकारी खजाने को कितने करोड़ रुपए खर्च किए जा चुके हैं। सभी 9 अंतरराष्ट्रीय स्टेडियमों की हालत दिन प्रतिदिन खराब होती जा रही है। रख रखाव का जिम्मा संभाल रहे संस्थाओं के कर्ता धर्ता AC कमरों की हवा खा रहे हैं और किसी को भी स्टेडियमों की सुध नहीं है।