जेएसएसपीएस में टूटे दरवाजे, फूटी कांच और वर्षा के फुहारों के बीच हाॅस्टल में रहने को मजबूर हैं कैडेट्स

जेएसएसपीएस में टूटे दरवाजे, फूटी कांच और वर्षा के फुहारों के बीच हाॅस्टल में रहने को मजबूर हैं कैडेट्स
रांची
टीम sportsjharkhand.com

 

सरकार से विशेष अनुमति के बाद 41 खिलाड़ियों के साथ झारखंड राज्य खेल प्रोत्साहन सोसायटी (जेएसएसपीए) में कैडेट्स के खेल प्रशिक्षण का कार्य शुरू हो गया है। एकलव्य हाॅस्टल में लगभग डेढ़ दर्जन Girls कैडेट्स को ठहराया गया है लेकिन कुछ कमरों की हालत इतनी खराब है कि बालकोनी में लगे दरवाजे हवा के झोंकों के साथ खुद-ब-खुद खुल जाते हैं और वर्षा का पानी कमरे में आने लगता है। दरवाजा में सिर्फ चैखट साबूत बचा है, उपर का कांच पूरी तरह टूट गया है और नीचे के बेस भी खराब हो गया है जिसे प्लाइबोर्ड से ढंकने का प्रयास भी विफल होता हुआ दिखाई दे रहा है। Girls कैडेट्स काफी परेशान हैं और अपना दुःखड़ा लोकल मैनेजमेंट कमिटी के सदस्यों को मौखिक तौर पर बता चुके हैं लेकिन किसी की कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही। दुःखद है कि एक ओर जहां एकलव्य हाॅस्टल में ठहरी हुई Girls कैडेट्स को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है वहीं दूसरी ओर उनकी सुननेवाला कोई नहीं। Boys हाॅस्टल में ठहरने की व्यवस्था अपेक्षाकृत सही है लेकिन वहां के वाॅशरूम की हालत भी खराब है।

41 कैडेट्स हाॅस्टल पहुंचे, 5 और रविवार तक पहुंचेंगे

जेएसएसपीएस की तीन खेल अकादमियों के 41 सर्वश्रेष्ठ कैडेट्स को प्रशिक्षण के लिए बुलाया गया है। सभी कैडेट्स के राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं निकट हैं इसलिए कुश्ती के 26, एथलेटिक्स के 9 और साइक्लिंग के 6 कैडेट्स का प्रशिक्षण कार्य चल रहा है। बाॅक्सिंग के 5 टाॅप कैडेट्स भी रविवार तक हाॅस्टल पहुंच जाएंगे। सोमवार से मुक्केबाजों का प्रशिक्षण कार्य भी शुरू हो जाएगा। जेएसएसपीएस के प्रशिक्षक संजय घोष, वर्षा दोनों एथलेटिक्स, राजीव रंजन व मधु तिर्की दोनों कुश्ती व प्रथम साइक्लिंग कैडेट्स को प्रशिक्षण दे रहे हैं।

 

नर्सों का आसियाना बना था एकलव्य हाॅस्टल

कोविड की दूसरी लहर जब कहर बरपा रही थी तो प्रशिक्षण कार्य बंद करवा दिया गया और कैडेट्स को घर भेज दिया गया और इसी हाॅस्टल में नर्सों को टिकवाया गया। नर्सों के टिकने के बाद हाॅस्टल की स्थिति बद से बदतर हो गयी। वाॅशरूम के कुछ बेसिन, नल आदि भी इस दौरान डैमेज पाए गए। चूंकी नर्स वहां रह रहीं थी तो मेंटेनेंश का काम भी सही तरीके से नहीं हो पाया। अब स्थिति ये है कि कई कमरों में दरवाजों का रहना न रहना कोई मायने ही नहीं रखता।

 

मेंटेनेंश की बाट जोह रहे कई स्टेडियम, हाॅस्टल की रिपेयरिंग कब तक हो पाएगी ?

जेएसएसपीएस द्वारा होटवार स्थित Mega Sports Complex  के मेंटेनेंश को लेकर सवाल तो 2015 से ही खड़ें हो रहे हैं। तीन साल पहले दो स्टेडियमों और प्रशासनिक भवन की छत का बाहरी हिस्सा उड़ गया था। तीन साल बाद भी जेएसएसपीएस के करोड़ों रुपये मेंटेनेंश में खर्च होने के बावजूद ये बाहरी हिस्से अभी तक ठीक नहीं हो पाए। ऐसे में Girls हाॅस्टल के दरवाजे की रिपेयरिंग कब तक हो पाएगी ? कहना थोड़ा कठिन है।

 

इंडोर स्टेडियमों में 6 वर्षों से टिप-टिप बरस रहा है पानी

टाना भगत इंडोर स्टेडियम और ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव इंडोर स्टेडियम में पिछले छह वर्षों से लगभग एक दर्जन जगहों पर बरसात के दौरान पानी वुडेन फ्लोरिंग पर गिरता रहता है। जेएसएसपीएस के मेंटेनेंश के जिम्मेवार पदाधिकारियों ने दोनों स्टेडियम में एक-एक दर्जन छोटा डस्टबीन दे रखा है। गार्ड की मर्जी हुई तो बरसते पानी के नीचे डस्टबीन लगा दिया गया और नहीं तो पानी वुडेन फर्श की उम्र को घटाने में अपना अमूल्य योगदान देता रहता है। विश्वनाथ शाहदेव इंडोर स्टेडियम की वुडेन फ्लोरिंग को दीमकों ने चट करना शुरू कर दिया है। पांच साल बाद जेएसएसपीएस ने थूक से सतुआ सानने की नीयत से कुछ जगहों की रिपेयरिंग कराई है। वो भी सिर्फ औपचारिकता को पूरा करने के लिए। दीमक अभी भी वुडेन फ्लोरिंग को चट कर रहे हैं।

 

 

मेंटेनेंश पर 40 करोड़ से ज्यादा खर्च होने के बाद ये हैं हालात

2015-16 के बीच सीसीएल ने अपने सीएसआर फंड से 24.73 करोड़ रुपये की लागत से मुख्य स्टेडियम, वीवीआइपी गेस्ट हाउस, टाना भगत स्टेडियम व अन्य स्टेडियम का व्हाइटवाॅश करवाया था। इसके बाद अभी सीसीएल द्वारा लगभग 90 लाख रुपये की लागत से शूटिंग रेंज वन व टू की रिपेयरिंग का काम हो रहा है। इसके अलावा वर्ष 2015-16 से लेकर 2020-21 तक जेएसएसपीएस ने भी लगभग 20 करोड़ रुपये से ज्यादा की रिपेयरिंग कराई लेकिन नतीजा ढाक के तीन पात। राज्य सरकार व जेएसएसपीएस को पिछले छह वर्षों के दौरान Mega Sports Complex में सीसीएल व जेएसएसपीएस द्वारा मेंटेनेंश के नाम पर किए गए खर्चों की सोशल व एजी से स्पेशल AUDITING करानी चाहिए। AUDIT होते ही राष्ट्रीय खेल जैसा एक और घोटाला सामने आना निश्चित है।