JSSPS के फीडबैक फॉर्म पर EXECELLENT, VERY GOOD, GOOD और FAIR के अलावा अगर कोई रेटिंग दी तो भविष्य में नहीं होगी स्टेडियम की बुकिंग !

JSSPS के फीडबैक फॉर्म पर EXECELLENT, VERY GOOD, GOOD और FAIR के अलावा अगर कोई रेटिंग दी तो भविष्य में नहीं होगी स्टेडियम की बुकिंग !
रांची

टीम sportsjharkhand.com

मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, होटवार के परिसर में अगर आप किसी खेल का आयोजन करा रहे हैं तो फीडबैक फॉर्म भरते वक्त सावधान रहें। अगर आपने अपने कटु अनुभवों के आधार पर फीडबैक फॉर्म पर सच्चाई लिख दी तो भविष्य में आपको कभी भी स्टेडियम एलॉट नहीं किया जाएगा। ये कहना है झारखंड राज्य खेल प्रोत्साहन सोसायटी (JSSPS) के लोकल मैनेजमेंट कमिटी के सदस्य मुकुल टोप्पो का। मुकुल टोप्पो हाल ही में संपन्न बैडमिंटन टूर्नामेंट के बाद जिला बैडमिंटन संघ के द्वारा दिए गए फीडबैक से काफी नाराज़ हैं। इसके बाद उन्होंने जिला बैडमिंटन संघ के पदाधिकारी को फोन कर कहा कि अब आप प्रतियोगिता आयोजन को भूल जाइए।

स्टेडियम में बिजली, टॉयलेट, पानी और AC पर बैडमिंटन संघ ने POOR रेटिंग दी थी

पिछले दिनों रांची जिला बैडमिंटन संघ की प्रतियोगिता आयोजित हुई थी, इस दौरान चार चार घंटे तक बिजली बाधित रहने के कारण मुकाबले नहीं हो पाए थे। बिजली थी ही नहीं तो AC की बात तो बेमानी ही है। स्टेडियम के वाशरूम में साफ सफाई और पानी की उपलब्धता भी भगवान भरोसे ही थी। यही सच्चाई फीडबैक फॉर्म पर संघ के पदाधिकारियों ने लिख दी तो मुकुल बाबू नाराज हो गए। मुकुल टोप्पो ने स्टेडियम में मौजूद सिंथेटिक कोर्ट, नेट आदि पर भी JSSPS का हक जमाया जबकि ये संपत्ति झारखंड खेल प्राधिकरण (SAJHA) की है।

10 बिंदुओं पर फीडबैक मांगता है JSSPS लेकिन फॉर्म पर सिर्फ चार ऑप्शन EXECELLENT, VERY GOOD, GOOD और FAIR

JSSPS ने जो फीडबैक फॉर्म बनाया है उसमें 10 बिंदुओं पर रेटिंग देने के लिए जो कॉलम बनाए हैं उनमें EXECELLENT, VERY GOOD, GOOD और FAIR ही शामिल है। अगर आपको व्यवस्था POOR, DISGUSTING या WORST लगे तो इसका ऑप्शन ही नहीं है। (देखें फॉर्म) यही नहीं ओवरऑल रेटिंग भी आपको देनी है जिसमें आपके लिए सिर्फ तीन ऑप्शन हैं 10, 9 और 8. प्रतियोगिता के दौरान JSSPS के स्टेडियमों के वाशरूम में जाना किसी पनिशमेंट से कम नहीं होता। अगर प्रतियोगिता के आयोजक स्वयं पानी की व्यवस्था नहीं की तो भगवान ही मालिक है।