9 वर्षों से आर्चरी शेड के इंतजार में JSSPS के तीरंदाज लेकिन LMC के अधिकारियों की गाड़ियों को धूप न लगे इसलिए 25 लाख रुपए से बन रहा वाहन शेड

| रांची |
झारखंड राज्य खेल प्रोत्साहन सोसायटी (JSSPS) के लोकल मैनेजमेंट कमिटी (LMC) की प्राथमिकता कभी भी खिलाड़ी नहीं रहे, अपवादों को छोड़ दें तो। पिछले 9 वर्षों से तीरंदाजी का अभ्यास खुले आसमान के नीचे हो रहा। तीरंदाजी के कई कोच आर्चरी शेड के निर्माण की मांग करते करते JSSPS से विदा हो गए लेकिन पिछले 9 वर्षों में एक ढंग का आर्चरी शेड नहीं बना पाया। तीरंदाजों ने जब काफी जोर लगाया तो 20- 25 फीट चौड़ा एक अस्थाई शेड बनाया गया। इस शेड में एक साथ 10 तीरंदाज भी अभ्यास नहीं कर सकते लेकिन LMC के अधिकारियों की गाड़ियों के लिए आनन फानन में 25 लाख रुपए की लागत से लगभग 175 फीट गुना 40 फीट का वाहन शेड बनाया जा रहा है। धूप व बारिश से गाड़ियों को बचाया जाना खिलाड़ियों की मूलभूत सुविधा से ज्यादा जरूरी है।
वाहनों की पार्किंग के लिए लंबा चौड़ा पोर्च मौजूद, फिर भी तैयार कराया जा रहा वाहन शेड
प्रशासनिक भवन के दक्षिण भाग में JSSPS के कार्यालय के उत्तर और दक्षिण की ओर दो बड़े बड़े पोर्च (वाहन पार्किंग के लिए जगह) हैं जहां दर्जनों चार पहिया और दो पहिया वाहन पार्क हो सकते हैं। पिछले 5-6 वर्षों से वाहन इसी पोर्च के नीचे पार्क हो रहा था लेकिन अब वाहनों को नया ठौर चाहिए।

इन 25 लाख रुपयों से टेनिस स्टेडियम की रिपेयरिंग हो जाती
जितने रुपए वाहन शेड बनाने में खर्च किए जा रहे हैं उनमें से मुख्य टेनिस स्टेडियम और प्रैक्टिस कोर्ट के तीन से ज्यादा कोर्ट पूर्णतः बनाए जा सकते थे। पिछले एक वर्ष से टेनिस कोर्ट बनाने की कवायद चल रही है लेकिन LMC के अधिकारियों की गाड़ियां ज्यादा महत्वपूर्ण हैं। टेनिस के कोर्ट तो दो साल और भी खराब रह सकते हैं।
हम नहीं सुधरेंगे !
पिछले 5 वर्षों के दौरान JSSPS प्रबंधन की अकर्मण्यता के कारण 11 अकादमियों में प्रशिक्षणरत खिलाड़ियों की संख्या 434 से घटकर अब लगभग 215 हो गई है (इस साल 12वीं पास खिलाड़ियों के निकलने के बाद)। खिलाड़ी लगातार खराब होते शैक्षणिक स्तर, दोयम दर्जे का प्रशिक्षण (दो अकादमियों को अपवाद छोड़कर) और अधिकारियों के खराब व्यवहार से दुखित होकर JSSPS छोड़कर चले गए। कई प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने JSSPS की अकादमी छोड़कर दूसरी अकादमी ज्वाइन की और देश विदेश में नाम कमाया। LMC में बैठे लोग खिलाड़ियों के नाम पर सिर्फ “कट मनी” बटोरने में जुटे हैं। वाहन शेड इसकी एक मात्र कड़ी।