JSSPS में पदस्थापित फाइनेंस अफसर मुकेश नहाटा पिछले 8 माह से VVIP गेस्ट हाउस में कर रहे मुफ्तखोरी, कैडेट्स के भोजन से ही भर रहे अपना पेट

| रांची
टीम sportsjharkhand.com |
झारखंड राज्य खेल प्रोत्साहन सोसाइटी (JSSPS) में कैडेट्स की हकमारी में CCL के अधिकारी किसी भी तरह की कोताही नहीं बरत रहे हैं। JSSPS में लगभग आठ माह पहले फाइनेंस ऑफिसर के रूप में मुकेश नहाटा की पदस्थापना हुई। वे वेस्टर्न कोलफिल्ड्स लिमिटेड (WCL) से प्रोमोशन के बाद CCL आए। यहां से उन्हें JSSPS भेज दिया गया। जिस दिन से मुकेश नहाटा JSSPS पहुंचे हैं, उसी दिन से VVIP गेस्ट हाउस की सारी सुविधाएं उन्हें नि:शुल्क मिल रही हैं। एक कमरा उनके लिए आरक्षित है। न बिजली के बिल का टेंशन, न ही बिस्तर/कपड़ों के साफ सफाई का टेंशन। सब कुछ फ्री ! एक आवाज पर दौड़ने के लिए नौकर चाकर और दो दो सुरक्षाकर्मी। चाक चौबंद है पूरी व्यवस्था। देखना जानना रोचक होगा कि नहाटा जी इस दौरान कहीं CCL से HRA भी तो नहीं उठाते रहे।
पिछले आठ माह से बॉयज कैडेट्स कैंटीन से मुफ्त का भोजन भी चाभते रहे हैं मुकेश नहाटा
मुकेश नहाटा JSSPS के “कुबेर” हैं। इन्हीं के हस्ताक्षर से सभी वेंडरों का भुगतान होता है। इसलिए VVIP गेस्ट हाउस में मुकेश नहाटा की सेवा के लिए कैंटीन से एक सेवक खास तौर पर प्रतिनियुक्त है। अहले सुबह की चाय व नाश्ता की बात हो या दोपहर के खाने की, शाम का स्नैक्स हो या रात का डिनर। साहेब का इशारा ही काफी होता है। बॉयज कैडेट्स कैंटीन और VVIP गेस्ट हाउस की दूरी लगभग 400 मीटर है लेकिन सेवक बार बार साहेब की सेवा में लगा रहता है। कैडेट्स के लिए खाना कुछ भी बने नहाटा सर के लिए वही बनेगा, जो उन्होंने ऑर्डर किया है। वो सब कुछ नि:शुल्क। पानी में रहकर भला मगर से बैर कौन ले !
ऐसे मुफ्तखोरों की फौज पड़ी है JSSPS में
ऐसा नहीं है कि मुकेश नहाटा ही एकमात्र मुफ्तखोर हैं। ऐसे मुफ्तखोरों की JSSPS में कोई कमी नहीं है जो कैडेट्स का हक मारकर अपना पेट भरते हैं। बॉयज और गर्ल्स हॉस्टल के कई वार्डन और कई कोच मुफ्त का भोजन पाते हैं। यही नहीं JSSPS ऑफिस में बैठे अधिकारी-कर्मचारी भी मुफ्तखोरी में पीछे नहीं। किसी को शाम के चखने का इंतजाम कराना हो या किसी के बेटे के लिए चिकन चिल्ली घर ले जानी हो, JSSPS का कैंटीन जिंदाबाद। कुछ मुफ्तखोर तो अपने बच्चे के लिए “जूस” तक JSSPS से लेकर जाते हैं। तीन चार साल पहले भी यही स्थिति थी लेकिन sportsjharkhand.com की खबर के बाद इस मुफ्तखोरी पर रोक लगा दी गई थी। कोच को भोजन व अन्य सुविधाएं लेने पर शुल्क का भुगतान करना पड़ता था लेकिन अब फिर से मुफ्तखोरी शुरू हो गई है।