8 सितंबर को जमशेदपुर में होगी JSCA की वार्षिक आम सभा, CoM की बैठक में लगी मुहर

JSCA में 8 वर्तमान/पूर्व खिलाड़ियों, 2 IAS और 2 IPS समेत 29 लोगों को आजीवन सदस्यता दिए जाने का रास्ता साफ, जांचोपरांत विशेष समिति ने दी हरी झंडी
रांची

टीम sportsjharkhand.com 

रविवार, 8 सितंबर को झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) की वार्षिक आम सभा (AGM) जमशेदपुर में होगी। गुरुवार को कमिटी ऑफ मैनेजमेंट (CoM) ने इसपर मुहर लगा दी। इसके अलावा CoM के सभी निर्वाचित सदस्यों द्वारा JSCA में 2-2 आजीवन सदस्य बनाए जाने के निर्णय लिया गया। पहले से तय था कि CoM के निर्वाचित सदस्य अपने रिश्तेदारों को आजीवन सदस्य नहीं बनाएंगे लेकिन CoM के ज्यादातर सदस्यों ने इस प्रावधान का विरोध किया और अंततः परिजनों को सदस्य बनाने की छूट प्रदान कर दी गई।

 

2-2 सदस्य बनाए जाने पर AGM में हंगामा होना तय

JSCA को देश भर में पहचान दिलानेवाले स्व अमिताभ चौधरी के परिजनों को 1 मई 2022 के AGM में की गई घोषणा के बावजूद सदस्य नहीं बनाया गया लेकिन गुरुवार को CoM में निर्वाचित प्रतिनिधियों ने अपने 2-2 परिजनों या इष्ट मित्रों को आजीवन सदस्य बनाने का प्रस्ताव पारित कर दिया। वैचारिक दिवालियेपन का इससे बेहतर नमूना शायद ही मिले। इस प्रस्ताव के पारित होने के बाद जमशेदपुर में आगामी 8 सितंबर को होनेवाला AGM हंगामेदार होगा ये तय हो गया है। 

 

AGM में धौनी ने नहीं लिया भाग तो आजीवन सदस्यता जानी तय

महेंद्र सिंह धौनी ने अगर 8 को होनेवाले AGM ने भाग नहीं लिया तो उनकी JSCA की आजीवन सदस्यता नियमत: चली जाएगी। जानकारी के अनुसार धौनी अभी अमेरिका के दौरे पर हैं और उनके 8 सितंबर तक लौटने की संभावना नहीं है। JSCA के CoM के पदाधिकारी बीच का रास्ता निकलने की कोशिश में जुटे हैं।