JSCA AGM के दौरान 8 पूर्व क्रिकेटर, 2 IAS व 2 IPS समेत 33 लोगों की आजीवन सदस्यता पर लगेगी मुहर, धौनी के साथी क्रिकेटर शब्बीर हुसैन समेत कई पूर्व क्रिकेटरों को करना होगा इंतजार

| रांची |
गढ़वा के एक होटल में शनिवार 26 अगस्त को झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) की वार्षिक आम सभा (AGM) में 8 पूर्व क्रिकेटरों समेत दो IAS और दो IPS अधिकारियों की सदस्यता पर आखिरी मुहर लगेगी। जिन पूर्व क्रिकेटरों के नाम पर मुहर लगनी है उनमें वर्तमान रणजी टीम में शामिल आशिष कुमार, पूर्व क्रिकेटर अजय यादव, राहुल मिश्रा, आशिष विद्यार्थी, मोनू सिंह और सन्नी गुप्ता का नाम शामिल है। पूर्व महिला अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी कविता रॉय और पूर्व क्रिकेटर व वर्तमान में झारखंड महिला टीम की कोच आशा दास की भी आजीवन सदस्यता पर मुहर लगनी है। इसके अलावा IAS अधिकारियों में प्रवीण टोप्पो और सूरज कुमार तथा IPS अधिकारियों में साकेत कुमार सिंह और सुरेन्द्र झा का नाम शामिल है। साकेत कुमार सिंह का नाम दो वर्ष पहले ही तय हो गया था लेकिन तकनीकी कारणों के चलते वे सदस्य नहीं बन पाए थे। जिन सभी की सदस्यता पर मुहर लगनी है उन सभी से डिमांड ड्राफ्ट मंगा लिए गए हैं। पता हो कि इन सारे लोगों को सदस्य बनाने का निर्णय पूर्व की कमिटी ऑफ मैनेजमेंट ने लिया था और उस वक्त अमिताभ चौधरी की सहमति से सबकुछ हुआ था।
धौनी के दोस्त शब्बीर हुसैन समेत कई पूर्व क्रिकेटरों को करना होगा इंतजार
स्व अमिताभ चौधरी व उनके चट्टे-बट्टों के गुड बुक में नहीं रहने के कारण महेन्द्र सिंह धौनी के बचपन से लेकर प्रथम श्रेणी क्रिकेट तक के साथी रहे शब्बीर हुसैन, शिव प्रकाश गौतम और अजातशत्रु जैसे क्रिकेटरों को और इंतजार करना होगा। वहीं महेन्द्र सिंह धौनी के सीनियर साथी रहे सुभाष चटर्जी, सूरज नारायण लाल, सरफराज अहमद, शिवव्रत दास जैस पूर्व क्रिकेटरों का भी इंतजार खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहा है। पूर्व महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर शुभलक्ष्मी शर्मा को भी अब तक JSCA की सदस्यता नहीं मिल पाई है।
आलोक रॉय और माणिक घोष के साथ JSCA ने कर दिया खेला
1 मई 2022 को रांची में हुए पिछले AGM के दौरान तत्कालीन उपाध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव ने कमिटी ऑफ मैनेजमेंट द्वारा अनुशंसित जिन 17 लोगों के नाम का प्रस्ताव पढ़ा था, उनमें लोहरदगा जिला क्रिकेट संघ के सचिव आलोक रॉय और रांची के साई कोचिंग सेंटर के कोच व पूर्व क्रिकेटर माणिक घोष का नाम भी शामिल था। लेकिन जिन 33 नामों पर गढ़वा AGM के दौरान मुहर लगनी है उसमें आलोक रॉय और माणिक घोष का नाम शामिल नहीं है। जानकारी मिली है कि माणिक घोष की सदस्यता के मामले में संस्था के बाइलॉज का क्लॉज 6 आड़े आ रहा है। इस क्लॉज के अनुसार कोई भी ऐसा सदस्य संस्था का दोबारा सदस्य नहीं बनाया जा सकता जिसे अनुशासनात्मक कार्रवाई के बाद संस्था से बाहर किया गया हो। पता हो कि माणिक घोष को वर्ष 2006 में इसी आधार पर बाहर किया गया था लेकिन आलोक रॉय का क्या दोष है ?
इन लोगों को मिलेगी सदस्यता
कविता रॉय : बेतिया बिहार की जन्मी कविता रॉय ने भारत के लिए एक ODI मैच खेला है।
सन्नी गुप्ता : जमशेदपुर में जन्में सन्नी ने 51 प्रथम श्रेणी मैचों में झारखंड का प्रतिनिधित्व किया।
आशीष कुमार : लोहरदगा में जन्मे आशीष अभी तक 42 प्रथम श्रेणी मैच खेल चुके हैं और अभी भी टीम में शामिल हैं।
अजय यादव : रांची के रहनेवाले अजय यादव ने झारखंड के लिए 31 प्रथम श्रेणी के मैच खेले हैं। अभी कोचिंग से जुड़े हैं।
अरूण विद्यार्थी : पटना में जन्में अरूण 8 प्रथम श्रेणी मैच खेल चुके हैं और लंबे समय से जेएससीए में चयनकर्ता की भूमिका निभा रहे हैं।
राहुल मिश्रा : बोकारो में जन्मे राहुल ने झारखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए 2 प्रथम श्रेणी मैच खेले हैं।
मोनू सिंह : रांची के रहनेवाले मोनू सिंह ने पिछले सत्र में ही प्रथम श्रेणी का एकमात्र मैच खेला है।
आशा दास : जिला स्तरीय महिला क्रिकेटर जो अभी झारखंड महिला क्रिकेट टीम की कोचिंग से जुड़ी हैं।
परमबीर सिंह : BCCI के पैनल स्कोरर और अमिताभ चौधरी के विश्वासी रहे हैं।
सुकन्या सेन : पूर्व कोषाध्यक्ष पार्थ सारथी सेन की बेटी हैं। पार्थ सारथी सेन के पुत्र सुमेध सेन पहले से ही मेंबर हैं और 18 साल से कम उम्र में सदस्य बनने का अद्भूत रिकॉर्ड इन्हीं के नाम पर है।
अनिल सिंघानिया : रांची के व्यवसायी।
अरविंद श्रीवास्तव : RDCA के उपाध्यक्ष, JSCA अध्यक्ष संजय सहाय के नजदीकी, स्टेडियम निर्माण के वक्त रांची नगर निगम में लॉ अफसर थे।
देव हस्सा : खूंटी निवासी, अमिताभ चौधरी के पुराने वफादार जिन्होंने सबसे पहले झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन (JOA) के पदाधिकारियों के खिलाफ PIL किया था।
सूरज कुमार : 2013 बैच के IAS अधिकारी, ताबड़तोड़ तेल मालिश (TTML) के शानदार खिलाड़ी, इसी आधार पर मिली सदस्यता।
प्रवीण टोप्पो : 2003 बैच के IAS अधिकारी।
साकेत कुमार सिंह : 2002 बैच के IPS अधिकारी, रांची SSP के रूप में मैच आयोजन के दौरान दी गई सेवा का मिला इनाम।
सुरेन्द्र झा : 2010 बैच के IPS अधिकारी, रांची SSP के रूप में मैच आयेजन के दौरान दी गई सेवा का मिला इनाम।
शंभू शेखर : JSCA के पूर्व सचिव राजेश वर्मा बॉबी के करीबी होने के कारण मिली सदस्यता।
डॉ रमेश पांडे : रांची विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति व मशहूर शिक्षाविद।
दिनेश सिंह : कोडरमा जिला के निवासी, स्व अमिताभ चौधरी के विश्वासपात्र होने का मिला इनाम।
अमित दूबे : लंबे समय तक झारखंड क्रिकेट टीम के फीजियोथेरेपिस्ट रहे हैं।
कर्नल संजय नाथ शाहदेव : पूर्व उपाध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव के करीबी बताए जाते हैं।
आनंद श्रीवास्तव : पूर्व आजीवन सदस्य के सुपुत्र।
रेयाज अहमद खान : JSCA के पूर्व अध्यक्ष डॉ नफीस अख्तर के करीबी बताए जाते हैं।
सुमित दास : JSCA का मुकदमा लड़नेवाले आजीवन सदस्य व वकील अमित दास के भाई।
विजय अग्रवाल : क्यूरेटर व आजीवन सदस्य एसबी सिंह के करीबी।
योगेश कुमार सिंह : जामताड़ा के पूर्व सचिव व वर्तमान JSCA कार्यकारिणी समिति के सदस्य।