JSCA T20 महिला क्रिकेट : धनबाद ड्रैगन्स बना विजेता, आखिरी ओवर तक चले मुकाबले में रांची रॉयल्स को हराया

| रांची |
झारखंड राज्य क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) द्वारा आयोजित महिला T20 का खिताब धनबाद ड्रैगन्स ने जीत लिया है। आखिरी ओवर तक चले रोमांचक फाइनल मुकाबले में धनबाद ड्रैगन्स ने रांची रॉयल्स को 5 विकेट से हराया। रांची रॉयल्स ने टॉस जीतकर पहले खेलते हुए निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 116 रन बनाए। टीम के लिए कप्तान रश्मि गुड़िया ने 45, संध्या कुमारी ने 33 और प्रियंका सवाइयां ने 26 रनों की पारी खेली। धनबाद की ओर से दुर्गा मुर्मू ने 2 विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी धनबाद ड्रैगन्स ने 19.3 ओवर में 5 विकेट खोकर 117 रन बनाकर मुकाबले को जीत लिया। धनबाद ड्रैगन्स की ओर से फाइनल की वूमेन ऑफ द मैच शशि माथुर ने 50 रन बनाए। कप्तान दुर्गा मुर्मू ने 24 रनों की पारी खेली। रांची की ओर से अनंदिता, नेहा, प्रियंका और शैंपी ने 1- 1 विकेट लिए। प्रतियोगिता की विजेता टीम धनबाद ड्रैगन्स को ट्रॉफी के साथ 1 लाख रुपए का पुरस्कार दिया गया, वहीं उपविजेता टीम रांची रॉयल्स को ट्रॉफी के साथ 80 हजार रुपए का पुरस्कार दिया गया।
मैच समाप्ति के बाद समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि रांची जोन के आईजी अखिलेश झा, JSCA अध्यक्ष संजय सहाय, उपाध्यक्ष नरेंद्र सिन्हा, सच्ची देवाशीष चक्रवर्ती, संयुक्त सचिव पीएन सिंह ने विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कृत किया। इस दौरान JSCA के कई सदस्य, प्रशिक्षक व चयनकर्ता भी मौजूद रहे।