को-ऑपरेटिव कॉलेज मैदान को कब्जाने पहुंचे JSCA के जूनियर सलेक्टर मनोज यादव को पुलिस ने खदेड़ा

को-ऑपरेटिव कॉलेज मैदान को कब्जाने पहुंचे JSCA के जूनियर सलेक्टर मनोज यादव को पुलिस ने खदेड़ा
जमशेदपुर/रांची
टीम sportsjharkhand.com

 

को-ऑपरेटिव कॉलेज, जमशेदपुर के मुख्य ग्राउंड से सटे मैदान पर कब्ज़ा जमाने और जबरन क्रिकेट मैदान बनाने के आरोप में बिस्टुपुर थाना पुलिस ने रविवार को झारखण्ड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) जूनियर सलेक्शन कमिटि सदस्य मनोज यादव समेत कई लोगों को खदेड़ डाला। बगैर प्राचार्य के अनुमति के पूर्व रणजी क्रिकेटर मनोज यादव कई क्रिकेटरों व साथियों के साथ मैदान का उद्घाटन करने पहुंचे थे। प्राचार्य ने पुलिस को तत्काल खबर किया कि कुछ अनाधिकृत लोग कॉलेज कैंपस में जबरन घुस आए हैं और बगैर किसी पूर्वानुमति के मैदान का उद्घाटन करने के प्रयास में जुटे हुए हैं। बिष्टुपुर पुलिस तुरंत कॉलेज पहुंची और मैदान में मौजूद सभी अनाधिकृत लोगों को हल्का बल प्रयोग करते हुए खदेड़ डाला। JSCA के एक चयनकर्ता द्वारा इस तरह के कृत्य किये जाने को पूर्व क्रिकेटरों के समूह ने दुर्भाग्यपूर्ण बताया है और कहा है कि कुछ अति महत्वाकांक्षी लोगों के कारण ‘जेंटलमैन गेम अब जमीन कब्जाओ गैंग” के रूप में बदनाम होता जा रहा है।

 

मुख्य मैदान के लिए JSCA ने कॉलेज प्रबंधन से MoU कर रखा है

पता हो कि पिछले वर्ष को-ऑपरेटिव कॉलेज, जमशेदपुर ने मैदान के रख-रखाव व उसमें मैचों के आयोजन के लिए JSCA के साथ करार किया था। अब बगल वाले मैदान पर JSCA जूनियर सलेक्शन कमिटि के सदस्य मनोज यादव की नजर पड़ गई और वे जबरन मैदान को कब्जाने पहुंच गए।

 

पत्र लिखने व मीडिया में बयान देने को अनुशासनहीनता माननेवाला JSCA मैदान कब्जाने को योग्यता मानता है अनुशासनहीनता

JSCA अपने सदस्यों द्वारा “पत्र लिखने” व “मीडिया में बयान देने” को तो अनुशासनहीनता मानता रहा है और कड़ी कार्रवाई भी करता रहा है। अब देखना महत्वपूर्ण होगा कि सरकार की संपत्ति पर अनाधिकृत कब्जा के प्रयास को JSCA अनुशासनहीनता मानता है या नहीं ? क्योंकि JSCA समय व परिस्थिति के हिसाब से अपनों पे करम गैरों पे सितम का गाना गुनगुनाने व आत्मसात करने के लिए कुख्यात रहा है।

 

कॉलेज कैम्पस में अनाधिकृत रूप से घुसने वाले लोगों पर कड़ी कार्रवाई के लिए कॉलेज प्रबंधन जिला प्रशासन से जल्द मिलेगा। खेल के नाम पर कैम्पस में नशाखोरों का जमावड़ा रोकने की गुहार भी हम प्रशासन से लगाएंगे।

अमर सिंह, प्राचार्य, को-ऑपरेटिव कॉलेज