मेंबरशिप से जुड़े मसले पर विशेष कमिटी की रिपोर्ट मिलने से JSCA सचिव ने किया इनकार, खबर छपने के बाद JSCA के आधिकारिक व्हाट्सएप ग्रुप में खूब हुई चर्चा

JSCA में 8 वर्तमान/पूर्व खिलाड़ियों, 2 IAS और 2 IPS समेत 29 लोगों को आजीवन सदस्यता दिए जाने का रास्ता साफ, जांचोपरांत विशेष समिति ने दी हरी झंडी
रांची

टीम sportsjharkhand.com 

झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) में 29 नए सदस्यों की सदस्यता के लिए गठित विशेष समिति की सिफारिशों से जुड़ी रिपोर्ट sportsjharkhand.com पर छपने के बाद JSCA के अंदर और बाहर चर्चाओं का बाजार गर्म है। sportsjharkhand.com से बात करते हुए JSCA के सचिव देवाशीष चक्रवर्ती उर्फ पिंटू दा ने कहा कि आपकी खबर से ही पता चला कि 26 अगस्त 2023 को AGM के दौरान गठित विशेष समिति ने अपनी सिफारिशी रिपोर्ट दे दी है लेकिन यह रिपोर्ट अभी तक JSCA कार्यालय को नहीं मिल पाई है। पिंटू दा ने ये भी कहा कि रिपोर्ट देखने के बाद ही इसपर कुछ कहा जा सकता है। एक प्रश्न के जवाब में पिंटू दा ने कहा कि अगर खबर में छपी बात सही है तब इसके कुछ बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा जरूरी है। कमिटी ऑफ मैनेजमेंट रिपोर्ट मिलने के बाद विस्तृत रूप से चर्चा करेगी और निर्णय लेगी।

खबर छपने के बाद JSCA के व्हाट्सएप ग्रुप में शुरू हो गई जुबानी क्रांति

खबर छपने के थोड़ी ही देर बाद JSCA_District नाम से गठित JSCA के आधिकारिक व्हाट्सएप ग्रुप पर जुबानी क्रांति शुरू हो गई। किसी ने खबर को झूठ का पुलिंदा बताया तो कोई इस बात से नाराज़ था कि सदस्यों को पता चलने से पहले पत्रकार को खबर कैसे हो गई। विशेष समिति में शामिल एक सदस्य ने तो वैचारिक दिवालियेपन का परिचय देते हुए लिख दिया कि ऐसा कोई निर्णय हुआ ही नहीं है जबकि उनकी मौजूदगी में ही 26 अप्रैल को निर्णय लिया गया था।

 

दिसंबर माह में विजय पूरी ने उठाया था मामला

29 सदस्यों के विवाद से जुड़े मसले पर गठित विशेष समिति की रिपोर्ट के संदर्भ में दिसंबर माह में कमिटी ऑफ मैनेजमेंट की बैठक में जिला प्रतिनिधि विजय पूरी ने उठाया था। तब अध्यक्ष ने बताया था कि जल्द ही इस विषय पर निर्णय लिया जाएगा। इसी बैठक के दौरान विजय पूरी ने सभी जिला क्रिकेट संघों को 5-5 आजीवन सदस्य बनाने का अधिकार देने की मांग भी रखी थी लेकिन इसपर कोई निर्णय नहीं हो पाया था।

 

रिपोर्ट पर अध्यक्ष व सचिव एक बार फिर आमने-सामने

रिपोर्ट के सिफारिश सार्वजनिक होने के बाद JSCA के अध्यक्ष और सचिव फिर से एक दूसरे के आमने-सामने आ गए हैं। अभी कुछ दिन पहले कमिटी ऑफ मैनेजमेंट में एक विषय पर अध्यक्ष व सचिव के बीच मामला इतना बढ़ गया था कि मतदान की नौबत आ गई। गुप्त मतदान में अध्यक्ष महोदय 6-8 के अंतर से हार गए। अब विशेष समिति की सिफारिश को लेकर भी दोनों आमने-सामने नजर आ रहे हैं। पता हो कि JSCA के अध्यक्ष संजय सहाय ही विशेष समिति के कन्वेनर भी हैं।